Peru Plane Crash : पेरू के नाजका शहर के पास शनिवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया. विश्व प्रसिद्ध नाजका लाइन्स की हवाई सैर कराने जा रही एक टूरिस्ट फ्लाइट खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में चालक दल सहित विमान में सवार सभी 13 लोगों की मौत हो गई. स्थानीय अधिकारियों ने हादसे की पुष्टि की है.
नाजका नगर प्रशासन ने फेसबुक पर जारी बयान में बताया कि विमान पर्यटकों को नाजका लाइन्स की हवाई सैर कराने के लिए उड़ान पर था. नाजका लाइन्स पेरू के रेगिस्तान में बनी विशाल जियो-ग्लिफ हैं, जिन्हें सैकड़ों साल पहले वहां के मूल निवासियों ने बनाया था. इनमें विभिन्न जानवरों की विशाल आकृतियां बनी हुई हैं, जिन्हें पूरी तरह केवल हवाई जहाज या विशेष व्यूइंग टावर से ही देखा जा सकता है.
इका शहर से भरी थी उड़ान
अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान ने पास के इका शहर से उड़ान भरी थी. विमान का संचालन पेरू की निजी एयरलाइन एयरोडियाना कर रही थी. एयरलाइन की वेबसाइट के अनुसार, कंपनी पिछले 14 वर्षों से सेसना ग्रैंड कारवां विमान के जरिए नाजका लाइन्स के ऊपर दर्शनीय उड़ानों का संचालन कर रही है.
पेरू के व्यापार और पर्यटन मंत्रालय के अनुसार, विमान में 11 विदेशी पर्यटक और चालक दल के दो सदस्य सवार थे. सरकारी समाचार एजेंसी एजेंसिया एंडीना के मुताबिक, यात्रियों में 2 जर्मन, 2 स्पेनिश और 7 इतालवी पर्यटक शामिल थे.
हादसे की जांच शुरू
बता दें कि अभी तक दुर्घटना की वजह सामने नहीं आई है. पेरू के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान जमीन पर गिरते ही पूरी तरह टूट गया और उसमें आग लग गई. मौके पर पहुंची बचाव टीम ने आग पर काबू पाया और सभी शवों को बाहर निकाला. एयरोडियाना की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी तक सामने नहीं आई है.
ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









