विदेश

रूस का कीव पर बड़ा हमला, मिसाइल और ड्रोन अटैक में 9 की मौत, 22 घायल

Russia Ukraine War : रूस ने एक बार फिर यूक्रेन की राजधानी कीव को निशाना बनाते हुए रातभर मिसाइल और ड्रोन हमले किए. हमलों में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य घायल हो गए. हमले के बाद राजधानी के कई इलाकों में रिहायशी और व्यावसायिक इमारतों को नुकसान पहुंचा तथा कई जगह आग लग गई. राहत और बचाव दल ने देर रात तक प्रभावित इलाकों में अभियान चलाया.

यूक्रेन की राज्य आपात सेवा के अनुसार, कीव के सोलोमियांस्की जिले में पांच मंजिला रिहायशी इमारत पर मलबा गिरने से आग लग गई. राहत और बचाव दल ने इमारत की ऊपरी मंजिलों से 35 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. इस घटना में दो लोगों की मौत हुई, जबकि आठ लोग घायल हुए. घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं.

दर्नित्स्की जिले में सबसे ज्यादा नुकसान

दर्नित्स्की जिले में मिसाइल और ड्रोन हमलों के कारण कई घर, वाहन, प्रशासनिक और गैर-आवासीय इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं. अधिकारियों के मुताबिक, इस इलाके में सात लोगों की मौत हुई और 14 अन्य घायल हो गए. वहीं, शेवचेंकिव्स्की जिले में भी एक गैर-आवासीय इमारत में आग लग गई. राहत और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

जेलेंस्की ने फिर मांगी एयर डिफेंस सिस्टम की मदद

हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के मिसाइल हमलों से बचाव के लिए अमेरिका और पश्चिमी देशों से अधिक पैट्रियट एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस सिस्टम उपलब्ध कराने की मांग दोहराई, उन्होंने इस मुद्दे पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से बातचीत की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई हालिया बैठक को सकारात्मक और उपयोगी बताया.

दो दिन पहले भी हुआ था बड़ा हमला

कीव पर यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब दो दिन पहले ही रूस ने यूक्रेन के कई हिस्सों पर बड़े पैमाने पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया था. उस हमले में 10 नागरिकों की मौत हुई थी, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए थे. इसी दौरान एक रूसी मिसाइल के पोलैंड के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने की जानकारी भी सामने आई थी.

ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button