Nepal Communal Violence : नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज गांवपालिका स्थित कप्तानगंज से शुरू हुई सांप्रदायिक हिंसा अब मधेश प्रदेश के कई जिलों तक फैल गई है. हालात को देखते हुए नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) और नेपाली सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है. संवेदनशील इलाकों में लगातार फ्लैग मार्च और गश्त की जा रही है.
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, सुरक्षा स्थिति अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है. इसी वजह से सिरहा, धनुषा, पर्सा और सप्तरी जिलों में शुक्रवार को भी कर्फ्यू जारी रखा गया है. वहीं, सिरहा के गोलबाजार, लहान और सिरहा बाजार, धनुषा के जनकपुरधाम, पर्सा के वीरगंज तथा सप्तरी के राजविराज और बोदे बर्साइन जैसे संवेदनशील इलाकों में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है.
हिंसा में एक की मौत, कई घायल
हिंसा के दौरान आगजनी, तोड़फोड़, लूटपाट और पथराव की घटनाएं सामने आई हैं. अब तक मधेश प्रदेश में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं. घायलों में नेपाल पुलिस के दो डीएसपी समेत 22 पुलिसकर्मी भी शामिल बताए गए हैं.
कर्फ्यू और सड़कें बंद होने की वजह से कई इलाकों में सार्वजनिक परिवहन प्रभावित हुआ है. भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. रेलवे और बस सेवाओं पर भी असर पड़ा है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
हालात पर लगातार नजर
प्रशासन ने लोगों से बिना जरूरी काम घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है. साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहें या भड़काऊ सामग्री साझा नहीं करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना सुरक्षा एजेंसियों को देने को कहा गया है.
अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य होने तक कर्फ्यू और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी. नेपाल सरकार भी हालात की लगातार समीक्षा कर रही है ताकि हिंसा को अन्य इलाकों में फैलने से रोका जा सके.
ये भी पढ़ें- अजिंक्य रहाणे ने लिया संन्यास, लेकिन कप्तानी का ये रिकॉर्ड आज तक कोई नहीं तोड़ पाया
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









