Rajasthan News : राजस्थान के बालोतरा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पचपदरा थाना क्षेत्र के दुदवा गांव में एक महिला ने अपने दो छोटे बच्चों के साथ पानी के टांके में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने तीनों के शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
मृतकों की पहचान मुली देवी (25) पत्नी हनुमान प्रजापत, उसके दो वर्षीय बेटे रविंद्र और दो माह के बेटे नारायण के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना 28 जुलाई की सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है।
टांके के पास दिखाई दी चप्पल
पचपदरा थाना पुलिस के सब इंस्पेक्टर अमराराम ने बताया कि महिला अपने दोनों बच्चों को लेकर घर के पास बने टांके में चली गई। सुबह करीब 5 बजे जब परिवार के लोग उठे तो महिला और बच्चे घर पर नहीं मिले। काफी तलाश करने के बाद टांके के पास उनकी चप्पल दिखाई दी, जिससे अनहोनी की आशंका हुई।
तैराकों की मदद से निकाले शव
इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय तैराकों की मदद से टांके से महिला और दोनों बच्चों के शव बाहर निकाले और उन्हें बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया।
करीब चार साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक, मुली देवी की शादी करीब चार साल पहले हनुमानाराम प्रजापत से हुई थी। परिवार मजदूरी करके अपना गुजर-बसर करता था। दंपती के दो बच्चे थे, जिनमें बड़ा बेटा रविंद्र दो साल का और छोटा बेटा नारायण महज दो महीने का था।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी महिला के मायके पक्ष को दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद बयान दर्ज किए जाएंगे और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- देश के कई राज्यों में बारिश का कहर, हिमाचल-उत्तराखंड में बाढ़ और लैंडस्लाइड से हालात गंभीर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









