Auto News : देश की प्रमुख कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने अपनी लोकप्रिय सब-4 मीटर कॉम्पैक्ट SUV ब्रेजा का नया 2026 फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर दिया है। नई ब्रेजा को बेहतर डिजाइन, नए फीचर्स और अपडेटेड इंजन विकल्पों के साथ बाजार में उतारा गया है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 7.40 लाख रुपये रखी है।
डिजाइन में किए गए कई बदलाव
2026 मारुति ब्रेजा फेसलिफ्ट के एक्सटीरियर डिजाइन में बहुत बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं, लेकिन इसे पहले से ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए कुछ अपडेट दिए गए हैं। इसमें नया फ्रंट ग्रिल, नए डिजाइन वाले फॉग लैंप पॉड्स, अपडेटेड बंपर और 16 इंच के डुअल-टोन अलॉय व्हील्स शामिल हैं।
SUV में पहले की तरह ट्विन-पॉड LED हेडलैंप और टेललैंप्स को बरकरार रखा गया है। इसके अलावा नई ब्रेजा में ब्लैक और ब्राउन कलर थीम के साथ ग्लॉस ब्लैक इंटीरियर दिया गया है, जिससे इसका केबिन ज्यादा प्रीमियम नजर आता है।
केबिन में मिले कई नए फीचर्स
नई ब्रेजा को फीचर्स के मामले में काफी अपडेट किया गया है। इसमें अब बड़ा 10.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जो नए UI/UX इंटरफेस के साथ आता है। यह पुराने 9 इंच के सिस्टम की जगह लेता है। इसके अलावा SUV में वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 64 कलर एंबिएंट लाइटिंग, लेदरेट सीट्स, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले सपोर्ट, एलेक्सा इंटीग्रेशन, आर्कमिस साउंड सिस्टम और कूलिंग पैड के साथ वायरलेस चार्जर जैसे फीचर्स दिए गए हैं। नई ब्रेजा में एयर प्यूरीफायर, 360 डिग्री कैमरा और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे फीचर्स भी शामिल हैं।
सुरक्षा फीचर्स में बड़ा अपडेट
सेफ्टी के मामले में भी नई ब्रेजा को पहले से मजबूत बनाया गया है। इसमें 6 एयरबैग्स, ब्लाइंड स्पॉट वॉर्निंग सिस्टम, फ्रंट पार्किंग सेंसर और रियर क्रॉस ट्रैफिक अलर्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं।
हालांकि, इस SUV में अभी ADAS यानी एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम नहीं दिया गया है। नई ब्रेजा ने भारत NCAP क्रैश टेस्ट में 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की है, जबकि पुराने मॉडल को ग्लोबल NCAP में 4 स्टार रेटिंग मिली थी।
नया टर्बो पेट्रोल इंजन विकल्प
नई ब्रेजा फेसलिफ्ट का सबसे बड़ा बदलाव इसका नया इंजन विकल्प है। मारुति ने इसमें 1.0 लीटर 3-सिलेंडर डायरेक्ट इंजेक्शन टर्बो-पेट्रोल इंजन शामिल किया है। यह इंजन 110 एचपी की पावर और 170 न्यूटन मीटर का टॉर्क जनरेट करता है।
इस इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन दिया गया है। इसके अलावा 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और सीएनजी वेरिएंट में भी अब 5-स्पीड गियरबॉक्स की जगह 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन को स्टैंडर्ड किया गया है।
CNG मॉडल में भी बड़ा बदलाव
मारुति ने नई ब्रेजा में अंडरबॉडी-माउंटेड CNG टैंक की सुविधा भी दी है। इससे बूट स्पेस पहले के मुकाबले ज्यादा हो गया है, क्योंकि पारंपरिक सिलिंडर बूट में नहीं रखा गया है। हालांकि, नई ब्रेजा के CNG समेत अन्य वेरिएंट में अब स्पेयर व्हील नहीं मिलेगा। इसकी जगह कंपनी ने पंक्चर रिपेयर किट उपलब्ध कराई है।
कुल मिलाकर नई मारुति ब्रेजा फेसलिफ्ट को बेहतर डिजाइन, ज्यादा फीचर्स, नए इंजन विकल्प और सुरक्षा अपडेट के साथ पेश किया गया है, जिससे यह कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में पहले से ज्यादा मजबूत विकल्प बन गई है।
ये भी पढ़ें- E20 Fuel पर छिड़ा बवाल, बड़े आंदोलन की तैयारी में टैक्सी यूनियन, 4 अगस्त को संसद घेरने की तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









