UP Police Encounter : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के नीम खेड़िया गांव के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो बदमाशों को मार गिराया। वहीं, इटावा एसओजी (SOG) के दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायल जवानों का इलाज कराया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि इटावा में एक डॉक्टर के साथ हुई लूट की वारदात में शामिल आरोपी बदमाश इलाके में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर इटावा एसओजी की टीम ने बदमाशों की तलाश शुरू की। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी ट्रेन से सफर कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग की
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख बदमाशों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में इटावा एसओजी के जवान पुष्पेंद्र और डेविड घायल हो गए। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश मारे गए।
दोनों के खिलाफ करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मारे गए दोनों आरोपियों पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे और वे लंबे समय से पुलिस की तलाश में थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के खिलाफ करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
बदमाशों के साथ अन्य साथी मौजूद था या नहीं
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और खेतों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बदमाशों के साथ कोई अन्य साथी मौजूद था या नहीं। मौके पर फिरोजाबाद के एसएसपी आदित्य लांगहे समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी की।
बच्चों को बंधक बनाए जाने की खबरें सही नहीं
पुलिस ने यह भी साफ किया है कि मुठभेड़ से जुड़ी बच्चों को बंधक बनाए जाने की खबरें सही नहीं हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला सिर्फ पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ का है।
यूपी पुलिस का अपराधियों के खिलाफ अभियान
फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों को जुटा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। घायल पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य पर भी नजर रखी जा रही है। उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत कई वांछित अपराधियों पर कार्रवाई की गई है।
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









