Bahamas Plane Crash : बहामास में शुक्रवार को हुए एक विमान हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई. यह दुर्घटना राजधानी नैसाउ के पश्चिम में स्थित नॉर्थ एंड्रोस इलाके में हुई. हादसे के बाद प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने गहरा दुख जताया. शुरुआत में उन्होंने बताया था कि एक व्यक्ति जीवित बचा है, लेकिन बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि गंभीर चोटों के कारण उसकी भी मौत हो गई.
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है. प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने कहा, “हम गहरे दुख के बीच खड़े हैं. आज हमारे लिए स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने का दिन था, लेकिन यह शोक का दिन बन गया,” उन्होंने सभी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की.
नैसाउ से सैन एंड्रोस जा रहा था विमान
बहामास एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन अथॉरिटी के मुताबिक, यह Cessna 402 विमान नैसाउ के लिंडेन पिंडलिंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर सैन एंड्रोस जा रहा था. हादसे के बाद सरकार ने एहतियातन Flamingo Air की सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है.
दो सुरक्षा घटनाओं के बाद लिया गया फैसला
सरकार के अनुसार, हाल के दिनों में Flamingo Air से जुड़ी दो सुरक्षा घटनाएं सामने आई थीं. पहली घटना में मायागुआना जा रहे कंपनी के एक विमान में उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या आई, जिसके बाद पायलट उसे वापस लेकर आया. लैंडिंग के बाद विमान में आग लग गई थी.
गौरतलब है कि साल 2014 में भी बहामास में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें नौ लोगों की मौत हुई थी. सरकार का कहना है कि मौजूदा हादसे की जांच पूरी होने और दुर्घटना के कारण स्पष्ट होने तक Flamingo Air की उड़ानें बंद रहेंगी.
ये भी पढ़ें- Farmers ID Card बनेगा किसानों की पहचान, मिलेंगे भरपूर लाभ, बार-बार रजिस्ट्रेशन का झंझट खत्म, ऐसे करें अप्लाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









