Delhi NCRमौसम

दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, आज भी बारिश के आसार, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

New Delhi : जून की तेज गर्मी के बाद दिल्ली-NCR में मानसून सक्रिय होने से मौसम सुहावना हो गया है. हालांकि, इस बार राजधानी में मानसून सामान्य समय से करीब पांच दिन देर से पहुंचा. शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और बारिश की संभावना बनी हुई है. गुरुवार को नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई थी, जबकि शुक्रवार को भी बादलों का डेरा बना हुआ है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 2 जुलाई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. इस दौरान हवा में नमी का अधिकतम स्तर 95 प्रतिशत और न्यूनतम स्तर 61 प्रतिशत रहा.

दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी

आईएमडी ने 3 जुलाई के लिए दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. शुक्रवार को राजधानी के कई हिस्सों में ठंडी हवाओं के साथ रुक-रुककर बारिश भी देखने को मिली.

मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इस अवधि में अधिकतम तापमान 33 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी. विभाग ने यह भी बताया कि अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ अन्य इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं.

मौसम विभाग ने लोगों से बदलते मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है. विभाग ने सलाह दी है कि आंधी, तूफान और बिजली गिरने के समय खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें. साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से परहेज करें और यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी जरूर लें.

ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button