Uttar Pradeshमौसम

उत्तर प्रदेश में मौसम का कहर और राहत दोनों, आंधी-बारिश से लेकर लू तक का अलर्ट जारी

UP Weather : उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। कहीं तेज बारिश और आंधी ने लोगों को राहत दी है तो कहीं उमस और बढ़ती गर्मी ने परेशानी बढ़ा दी है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बादल, बूंदाबांदी और धूलभरी हवाओं का सिलसिला लगातार जारी है, जबकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए हीटवेव और बारिश दोनों का अलर्ट जारी किया है।

मथुरा में तेज आंधी के साथ बारिश

बुधवार तड़के मथुरा में तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश दर्ज की गई, वहीं आगरा में हल्की बूंदाबांदी हुई। राजधानी लखनऊ और बाराबंकी समेत 15 से अधिक जिलों में सुबह आसमान में बादल छाए रहे, हालांकि दिन चढ़ने के साथ धूप निकल आई। हल्की ठंडी हवाओं के चलते लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली।

खड़े वाहनों पर पोल गिरने की जानकारी

मंगलवार देर रात पूर्वांचल और बुंदेलखंड के कई इलाकों में भी मौसम बदला नजर आया। वाराणसी, आजमगढ़, ललितपुर और जालौन में तेज बारिश हुई, जबकि आगरा में आई आंधी के दौरान सड़क किनारे खड़े वाहनों पर पोल गिरने से नुकसान की खबरें सामने आईं। नोएडा, मेरठ, हापुड़, झांसी, ललितपुर और बागपत में भी धूलभरी आंधी के बाद बारिश दर्ज की गई। वहीं बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

7 जिलों में बारिश की प्रबल संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के 7 जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि 32 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी बीच मानसून को लेकर राहत भरी खबर भी सामने आई है। अनुमान है कि मानसून 28 जून तक बिहार सीमा से होते हुए गोरखपुर और महराजगंज के रास्ते यूपी में प्रवेश कर सकता है। इसके बाद 30 जून तक इसके लखनऊ पहुंचने और 2 जुलाई तक पूरे प्रदेश में सक्रिय होने की संभावना जताई गई है।

मानसून में करीब 8 दिन की देरी

आम तौर पर मानसून 20 जून तक यूपी में दस्तक दे देता है, लेकिन इस बार इसमें करीब 8 दिन की देरी देखी जा रही है। मानसून फिलहाल पिछले लगभग 15 दिनों से महराजगंज के आसपास रुका हुआ है।

मौसम शुष्क और तापमान में होगी वृद्धि

अगले कुछ दिनों के मौसम पूर्वानुमान की बात करें तो 25 जून को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के साथ गर्मी और लू में बढ़ोतरी के आसार हैं। 26 जून को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में और वृद्धि हो सकती है। 27 जून को भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है, खासकर पूर्वी यूपी में लू का असर अधिक रहेगा। 28 जून को पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा जबकि पूर्वी हिस्सों में बारिश के संकेत हैं। 29 जून को पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश और पूर्वी यूपी में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

ये भी पढ़ें- WhatsApp ग्लोबल हेड Kunal Shah की कहानी, डिलीवरी बॉय, मेहंदी कोन बेची, 14-15 साल की उम्र… पढ़ें सफलता की पूरी कहानी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button