विदेश

रातभर मिसाइल हमलों से दहला इजरायल, ईरान के एक्शन के बाद ट्रंप ने दी चेतावनी

Iran Israel Conflict : मध्य पूर्व में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है. ईरान ने रविवार देर रात इजरायल की ओर कई मिसाइलें दागीं. इजरायल का कहना है कि ईरान की तरफ से बड़ी संख्या में मिसाइलें लॉन्च की गईं, जिन्हें उसकी रक्षा प्रणालियों ने समय रहते इंटरसेप्ट कर लिया. इजरायली कब्जे वाले वेस्ट बैंक के आसमान में भी कई मिसाइलें दिखाई देने की जानकारी सामने आई है.

पिछले करीब दो महीनों से लागू युद्धविराम के दौरान यह इजरायल पर ईरान का पहला हमला बताया जा रहा है. यह घटनाक्रम उस समय हुआ जब इजरायली सेना ने लेबनान की राजधानी बेरूत में हिजबुल्लाह से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाते हुए हवाई कार्रवाई की थी.

सभी मिसाइलें रोकने का दावा

ईरान पहले ही संकेत दे चुका था कि लेबनान पर किसी भी हमले की स्थिति में वह प्रतिक्रिया दे सकता है. बेरूत में हुई एयर स्ट्राइक के कुछ समय बाद ही ईरान की ओर से इजरायल पर मिसाइलें दागी गईं. फिलहाल इस हमले में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है.

वहीं, इजरायली सेना (IDF) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि ईरान से इजरायल की ओर दागी गई मिसाइलों का पता लगा लिया गया था और उन्हें रोकने के लिए रक्षा प्रणालियां सक्रिय कर दी गई थीं. सेना के अनुसार, वायुसेना ने सभी मिसाइलों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया.

जवाबी हमले से बचने की सलाह

घटना के बाद इजरायल ने ईरान को जवाबी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है. वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की है. इजरायली ब्रॉडकास्टर चैनल 12 से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि वह इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से संपर्क कर उन्हें किसी भी जवाबी हमले से बचने की सलाह देंगे. ट्रंप ने कहा कि दोनों पक्ष अपनी-अपनी कार्रवाई कर चुके हैं और अब आगे किसी नए हमले की आवश्यकता नहीं है.

इस बीच अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ट्रंप और नेतन्याहू के बीच इस मुद्दे पर फोन पर बातचीत भी हुई है.

ये भी पढ़ें- ‘पेड्डी’ में जाह्नवी का लुक बना बहस का मुद्दा, कपड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर हुई ट्रोल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button