Viral News : मुंबई को अक्सर सपनों का शहर कहा जाता है, जहां बेहतर रोजगार और भविष्य की तलाश में हर दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. हालांकि, इस शहर की चमक-दमक के पीछे कई लोगों की कठिन जिंदगी भी छिपी हुई है. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें मुंबई महानगर क्षेत्र में रहने वाले प्रवासी मजदूरों की जीवन परिस्थितियां दिखाई गई हैं.
यह वायरल वीडियो में भाईंदर ईस्ट के एक खुले मैदान में कई मजदूर रात के समय प्लास्टिक की बोरियां बिछाकर सोते नजर आ रहे हैं. वीडियो को इंस्टाग्राम पर ‘@dk_bhai_gupta_mumbai’ नाम के अकाउंट से साझा किया गया है. इस वि़डियो में देखा जा सकता है कि मजदूर खुले आसमान के नीचे जमीन पर आराम कर रहे हैं. उनके पास न बिस्तर है और न ही कोई अन्य सुविधा.
गर्मी से बचने के लिए मैदान बना सहारा
वीडियो रिकॉर्ड कर रहा व्यक्ति जब एक मजदूर से पूछता है कि वह घर के बजाय खुले मैदान में क्यों सो रहा है, तो मजदूर बताता है कि कमरे के अंदर अत्यधिक गर्मी होने के कारण वहां रहना मुश्किल हो जाता है. उसके अनुसार, खुले मैदान में हवा मिलने से कुछ राहत मिलती है और नींद भी बेहतर आती है.

मजदूर ने बताया कि वह और उसके साथी करीब डेढ़ महीने से इसी स्थान पर रात गुजार रहे हैं. वे रोज सुबह करीब चार बजे उठते हैं, अपने कमरों पर जाकर नहाने-धोने और भोजन करने के बाद काम के लिए निकल जाते हैं.
कम आय में महंगे शहर की चुनौती
बातचीत के दौरान मजदूर ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और मुंबई में निर्माण कार्य से जुड़ा हुआ है. उसने कहा कि उसकी मासिक आय लगभग 18 हजार रुपये है. मजदूर के मुताबिक, मुंबई जैसे महंगे शहर में सीमित आय के साथ जीवनयापन करना काफी चुनौतीपूर्ण है.
वीडियो पर बंटी लोगों की राय
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ यूजर्स मजदूरों की परिस्थितियों पर चिंता और सहानुभूति जता रहे हैं, जबकि कुछ ने आलोचनात्मक टिप्पणियां भी की हैं. वहीं कई लोगों का कहना है कि महानगरों में बढ़ते खर्च और ऊंचे किराए के कारण कम आय वाले श्रमिकों को ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है.
ये भी पढ़ें- ‘पेड्डी’ में जाह्नवी का लुक बना बहस का मुद्दा, कपड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर हुई ट्रोल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









