Haryana

Haryana News : नूंह में नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 607 किलो चूरा पोस्त बरामद

Haryana News : नूंह जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिरोजपुर झिरका इलाके में नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने वाहन से कुल 607 किलो 500 ग्राम चूरा पोस्त जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए पकड़ा

जानकारी के अनुसार, दिल्ली-अलवर मार्ग पर गांव नसीरबास के पास पुलिस टीम ने संदिग्ध पिकअप को रोकने का इशारा किया। वाहन रुकते ही उसमें सवार दोनों व्यक्ति भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के भालपुर निवासी गुरदीप सिंह और नौगांव थाना क्षेत्र के मंडापुर निवासी सतपाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी राजस्थान से दिल्ली की ओर नशे की यह खेप ले जा रहे थे।

तलाशी के दौरान पिकअप में ऊपर प्याज से भरे 45 कट्टे रखे मिले, जबकि नीचे 30 कट्टों में चूरा पोस्त छिपाकर रखा गया था। वजन करने पर कुल 607 किलो 500 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ।

तस्करी के पीछे के गिरोह की जांच

पुलिस के मुताबिक, यह खेप दिल्ली में सप्लाई की जानी थी। बरामद सामग्री और वाहन को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान और तस्करी के पीछे के गिरोह की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- ईशान किशन का पंजाब किंग्स की फील्डिंग पर तंज, GF अदिति हुंडिया का मजेदार रिएक्शन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button