Ghaziabad Fire Incident : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित नीति खंड-2 में मंगलवार को एक अपार्टमेंट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की शुरुआत बेसमेंट से हुई, जो तेजी से फैलते हुए ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गई।
3 से 4 लोगों का किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घना धुआं और तेजी से फैलती आग के बीच दमकलकर्मियों ने इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान चलाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 3 से 4 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है।
घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू
दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया है, लेकिन पूरी तरह से कूलिंग का काम अभी जारी है ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे। घटना के बाद अपार्टमेंट और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा के मद्देनजर निगरानी बढ़ा दी गई है। फिलहाल मामले में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









