मौसम

पश्चिमी विक्षोभ का असर, उत्तर भारत में बारिश-आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट

Weather Update : शुक्रवार सुबह दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के चलते मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया. मौसम विभाग के अनुसार पूरे उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है. कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, आज उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है. जम्मू-कश्मीर, दिल्ली-एनसीआर, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के कई क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में आने वाले दिनों में भी रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना हैं.

पश्चिमी विक्षोभ का उत्तर-पश्चिम भारत पर असर

मौसम विभाग का कहना है कि इस समय सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर-पश्चिम भारत पर साफ दिखाई दे रहा है. इसके चलते 5 अप्रैल तक कई इलाकों में बारिश जारी रह सकती है. इसके बाद 7 अप्रैल से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जो एक बार फिर मौसम को प्रभावित करेगा. ऐसे में आने वाले दिनों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने के संकेत हैं. खासतौर पर जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है.

दो हफ्तों में तीन पश्चिमी विक्षोभ का असर

पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो अरुणाचल प्रदेश में 5 और 6 अप्रैल को बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं पंजाब और पहाड़ी क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की जा सकती है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले करीब दो हफ्तों में तीन अलग-अलग पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेंगे, जिससे तापमान पर असर पड़ेगा और फिलहाल गर्मी ज्यादा नहीं बढ़ेगी. हीटवेव जैसी स्थिति बनने की संभावना भी कम है.

राजस्थान में भी पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक बारिश देवगढ़ (राजसमंद) में रिकॉर्ड की गई, जबकि चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा और अलवर में न्यूनतम तापमान सबसे कम दर्ज किया गया.

3-4 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम केंद्र के अनुसार, हाल के दिनों में जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर क्षेत्र में आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं. वहीं 3 और 4 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है.

तेज हवाएं और बारिश का असर

इसके अलावा 7 और 8 अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की उम्मीद है, जिससे राज्य के अलग-अलग हिस्सों में फिर से मौसम बदल सकता है.

वहीं झारखंड में 4 अप्रैल से मौसम में बदलाव के संकेत हैं. राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. 4 और 5 अप्रैल को कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड के कई जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.

फसलों को नुकसान की चेतावनी

मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, रांची, खूंटी, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो और गुमला जिलों के किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. तेज हवा और ओलावृष्टि से खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है.

ये भी पढ़ें- NASA Moon Mission : नासा ने लॉन्च किया आर्टेमिस-2 मिशन, 53 साल बाद इंसानों को भेजा चंद्रमा के पास

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button