Gurugram News : गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर में 10वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने घर में आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 15 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है। आकाश के पिता प्रभात एक निजी स्कूल में चपरासी हैं और उनकी मां प्राइवेट कंपनी में कार्यरत हैं। परिवार पिछले लगभग 15 वर्षों से स्कूल परिसर में बने स्टाफ क्वार्टर में रह रहा था, और आकाश ने वहीं अपने कमरे में यह कदम उठाया।
आकाश का परिवार मूल रूप से बिहार के छपरा जिले का निवासी है। घटना के बाद परिवार का हाल बेहाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
काफी होशियार था युवक
जानकारी के अनुसार, आकाश पढ़ाई में काफी होशियार था और दिल्ली के जनकपुरी स्थित विद्यापीठ में आगे की पढ़ाई करने का इच्छुक था। उसकी मां ने रजिस्ट्रेशन के लिए पांच हजार रुपए जमा भी कर दिए थे, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण आगे की तैयारी पूरी नहीं हो पाई।
स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को दी सूचना
सोमवार शाम करीब 6 बजे, जब उसकी मां घर लौटी, तो उन्होंने देखा कि आकाश कमरे में उसकी चुन्नी से बने फंदे पर लटका हुआ है। यह देख मां का होश उड़ गया और उन्होंने शोर मचाया। मौके पर पहुंचे स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पिता काम पर बाहर थे और बहन पढ़ाई कर रही थी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
एसएचओ संतोष ने बताया कि पुलिस तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और मुआयना किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- नारियल तेल और फिटकरी से स्किन के अद्भुत फायदे, जानें इसके फायदे और इस्तेमाल करने का तरीका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









