Bihar LPG Hoarding : ईरान-इजरायल के बीच जारी तनाव को देखते हुए बिहार सरकार ने राज्य में ईंधन आपूर्ति और आवश्यक सेवाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है. इसी क्रम में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की उपलब्धता बढ़ाने और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए संकट प्रबंधन समूह (CMG) की पहली बैठक आयोजित की गई.
सोमवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राज्य में जरूरी वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई. बता दें कि सरकार पहले ही 28 मार्च को एक उच्च स्तरीय समिति का गठन कर चुकी है, जिसका उद्देश्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर नजर रखना, प्रवासी श्रमिकों के हितों की रक्षा करना और संभावित प्रभावों से निपटने के लिए समन्वय स्थापित करना है.
PNG कनेक्शन में धीमी प्रगति पर नाराजगी
इस बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि 14 जिलों में PNG कनेक्शन देने की प्रक्रिया अपेक्षा से धीमी चल रही है. इस पर मुख्य सचिव ने नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारियों को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के साथ मिलकर तेज कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए, उन्होंने पर्याप्त संसाधन, मशीनरी और ठेकेदारों की तैनाती सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया.
जानकारी के अनुसार, 3.68 लाख कनेक्शन के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 2.30 लाख से अधिक घरों में कनेक्शन के लिए तैयारी पूरी हो चुकी है. इसके अलावा, अधिकारियों को एलपीजी आपूर्ति से जुड़े लंबित मामलों को जल्द निपटाने और पेट्रोल पंपों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं.
डाटाबेस तैयार करने का आदेश
मुख्य सचिव ने साफ कहा कि ‘दीदी की रसोई’ और छात्रावास जैसी योजनाओं के लिए गैस की आपूर्ति में किसी भी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए. साथ ही, एलपीजी की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं.
वहीं, बाहर से लौट रहे श्रमिकों की मदद के लिए श्रम संसाधन विभाग को टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू करने को कहा गया है. जिला प्रशासन को प्रवासी मजदूरों का पूरा डाटा तैयार करने का भी निर्देश दिया गया है.
हर सोमवार CMG की नियमित बैठक होगी
इसके अलावा, वरिष्ठ अधिकारियों को अगले दो दिनों में जिलों का दौरा कर गैस भंडारण, नियंत्रण कक्षों की स्थिति और प्रवासियों के आगमन की समीक्षा करने को कहा गया है. सरकार ने यह भी तय किया है कि हालात पर नजर बनाए रखने के लिए हर सोमवार को CMG की बैठक नियमित रूप से आयोजित की जाएगी.
ये भी पढ़ें – राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर किया तीखा हमला, केरल के CM को भी लपेटा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









