UP Draft Voter List : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. चुनाव आयोग ने मंगलवार, 17 नवंबर को राज्य की नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है. इसके मुताबिक, प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है. पिछली सूची के मुकाबले 18 लाख 84 हजार 113 मतदाताओं का इजाफा हुआ है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नए आंकड़ों की जानकारी दी.
नई ड्राफ्ट सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष और 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला मतदाता शामिल हैं. वहीं, 18 से 19 साल की उम्र के 11 लाख 83 हजार 352 युवा मतदाताओं के नाम भी दर्ज किए गए हैं. इससे पहले 10 अप्रैल को जारी सूची में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे.
इस तारीख तक दर्ज करा सकेंगे दावा और आपत्ति
चुनाव आयोग ने मतदाताओं को सूची में अपना नाम और विवरण जांचने का मौका दिया है. अगर किसी का नाम छूट गया है या जानकारी में कोई गलती है, तो निर्धारित समय के भीतर दावा और आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है.
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी: 17 नवंबर 2026
दावा और आपत्ति दर्ज करने की अवधि: 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026
आपत्तियों का निपटारा: 28 दिसंबर 2026
अंतिम मतदाता सूची जारी: 4 जनवरी 2027
BJP का 1.27 करोड़ नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य
दूसरी ओर, बीजेपी ने भी उत्तर प्रदेश में वोटर एनरोलमेंट अभियान शुरू किया है. यह अभियान 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगा. पार्टी का लक्ष्य करीब 1.27 करोड़ नए मतदाताओं को सूची में शामिल कराने का है. इसके लिए प्रदेश के 1,73,730 मतदान केंद्रों पर प्रत्येक बूथ से 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है.
अब 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद ही प्रदेश में कुल मतदाताओं की वास्तविक संख्या स्पष्ट होगी.
ये भी पढ़ें- सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- छठ पूजा में भेदभाव देखने वाले विपक्षी नेता समाज और संस्कृति के दुश्मन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








