UP News : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. अदालत ने आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली राहत को बरकरार रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका खारिज कर दी है. इसके साथ ही कोर्ट ने उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी राहत देते हुए उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी है.
दरअसल, रामपुर की निचली अदालत ने इस मामले में आजम खान, उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को दोषी ठहराते हुए सात-सात साल की सजा सुनाई थी. आरोप था कि अब्दुल्ला आजम के दो अलग-अलग जन्म प्रमाण पत्र बनवाए गए थे. एक में उनका जन्म रामपुर और दूसरे में लखनऊ का बताया गया था. आरोपों के मुताबिक, इन दस्तावेजों का इस्तेमाल चुनावी लाभ लेने के लिए किया गया था.
हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ पहुंची थी सरकार
मई 2024 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आजम खान की दोषसिद्धि और सजा पर रोक लगा दी थी. हालांकि, उनकी पत्नी और बेटे को उस समय राहत नहीं मिली थी. इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने आजम खान को मिली राहत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, जबकि तंजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम ने भी हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ शीर्ष अदालत का रुख किया था.
सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला फिलहाल संबंधित अपीलों तक सीमित है. फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले से जुड़ी मुख्य अपीलें अभी इलाहाबाद हाईकोर्ट में लंबित हैं. ऐसे में मामले का अंतिम निपटारा होना बाकी है. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश से आजम खान और उनके परिवार को कानूनी राहत मिली है.
ये भी पढ़ें- सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- छठ पूजा में भेदभाव देखने वाले विपक्षी नेता समाज और संस्कृति के दुश्मन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








