Weather Update : देशभर में मौसम का मिजाज दिन प्रतिदिन तेजी से बदल रहा है. कई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण अलग-अलग राज्यों में मौसम अस्थिर बना हुआ है. मौसम विभाग ने 31 मार्च से 5 अप्रैल के बीच कई क्षेत्रों में बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना जताई है. पहाड़ी इलाकों में जहां बर्फबारी देखने को मिल सकती है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में गर्मी के साथ उमस भी बढ़ने के आसार हैं. उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक का बदलाव संभव है.
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में 31 मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है. वहीं अरुणाचल प्रदेश में 31 मार्च और 1 अप्रैल को तथा असम, मेघालय और त्रिपुरा में 31 मार्च को भारी बारिश के आसार हैं.
गरज-चमक और तेज हवाएं संभव
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी आने वाले दिनों में मौसम बदल सकता है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 3 से 5 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. पश्चिमी राजस्थान में 2 से 4 अप्रैल और पूर्वी राजस्थान में 3 से 4 अप्रैल के दौरान बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 और 5 अप्रैल को मौसम बदलने के संकेत हैं, जहां गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
हल्की से मध्यम बारिश संभव
वहीं, पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 3 और 4 अप्रैल को बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. इन क्षेत्रों में तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है.
मध्य भारत में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. अगले पांच दिनों के दौरान यहां गरज-चमक, बिजली और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. विदर्भ और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है. वहीं मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम के समय हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. यहां अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
ये भी पढ़ें – राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर किया तीखा हमला, केरल के CM को भी लपेटा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









