MP News : मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में नवरात्रि के दौरान एक धार्मिक आयोजन विवाद का कारण बन गया, जो बाद में हिंसा में बदल गया. शुक्रवार को मुरार थाना क्षेत्र के तिकोनिया इलाके में एक मंदिर परिसर में चल रही भजन संध्या के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताया. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि गोलीबारी की घटना सामने आ गई.
मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी राजकुमार पांडेय के घर के पास स्थित मंदिर में साउंड सिस्टम के जरिए भजन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था. इसी दौरान इलाके के ही पप्पी उर्फ मुन्ना रजक अपने बेटों निर्मल उर्फ भूरा और सूरज के साथ वहां पहुंचे और कार्यक्रम बंद करने की मांग करने लगे. लोगों द्वारा समझाने की कोशिश के बावजूद तीनों ने हंगामा शुरू कर दिया.
वहां मौजूद लोगों पर फायरिंग कर दी
वहीं, हालात बिगड़ने पर आरोप है कि पप्पी रजक अपने घर से देशी हथियार लेकर आया और वहां मौजूद लोगों पर फायरिंग कर दी. फायरिंग के दौरान संतोष पांडेय के हाथ में गोली लगी, जबकि आकाश पांडेय को आंख और हाथ के पास चोट आई. एक अन्य व्यक्ति भी इस घटना में घायल हुआ है. बताया जा रहा है कि संतोष पांडेय एक बीजेपी नेता के निजी चालक हैं.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया. फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
ये भी पढ़ें- Gujarat Politics : भाजपा के दमन के खिलाफ ‘‘आप’’ के साथ पूरा गुजरात करने जा रहा बदलाव- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









