वायरल

वंदे भारत के खाने में मिला कीड़ा, स्टाफ ने ‘केसर’ कहकर किया बचाव, रेलवे ने लगाया 60 लाख का जुर्माना

Insect Found In Curd : भारत की सबसे आधुनिक और तेज रफ्तार ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना को देखने के बाद लोग ट्रेन में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठा रहे हैं. पटना से टाटानगर जा रही ट्रेन संख्या 21896 में सफर कर रहे एक यात्री को परोसे गए भोजन में जिंदा कीड़े दिखाई दिए, जिससे हड़कंप मच गया.

यह घटना 15 मार्च 2026 की बताई जा रही है. रितेश कुमार सिंह नाम के यात्री ने आरोप लगाया कि उन्हें रात के खाने में जो दाल और अमूल दही दी गई थी, उसमें कीड़े मौजूद थे. वीडियो में साफ नजर आता है कि दही और खाने की प्लेट में छोटे-छोटे कीड़े रेंग रहे थे. जब यात्री ने इस बारे में ट्रेन स्टाफ से शिकायत की, तो पहले मामले को हल्के में लेने की कोशिश की गई. यहां तक कि कर्मचारी ने कीड़े को केसर बताकर बात टालने की कोशिश की, लेकिन जब यात्री ने पास से वीडियो बनाकर सच्चाई दिखाई, तो कर्मचारी को अपनी गलती स्वीकार करनी पड़ी.

अनजाने में यात्री ने कीड़ों वाला खाना खा लिया

वहीं, रितेश ने गुस्से में कहा कि लोग पैसे देकर खाना लेते हैं, न कि ऐसी खराब और खतरनाक चीजें खाने के लिए, रितेश ने यह भी सवाल उठाया कि अगर किसी को इस खाने से फूड पॉइजनिंग हो जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता, उन्होंने बताया कि उनके साथ यात्रा कर रहा एक अन्य यात्री अनजाने में वही खाना खा चुका था, क्योंकि उसे पहले कीड़ों के बारे में पता नहीं चला था.

वीडियो तेजी से हुआ वायरल

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब ट्रेन स्टाफ ने यात्री को खुद ही सलाह दी कि वह इस घटना को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर कर रेलवे को टैग कर दे. इसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया और लोगों में काफी नाराजगी फैल गई.

मामला सामने आते ही रेलवे की सख्त कार्रवाई

जैसे ही ये मामला सामने आया, रेलवे ने तुरंत सख्त कार्रवाई की. खाने की गुणवत्ता में लापरवाही बरतने के आरोप में IRCTC पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि खाना सप्लाई करने वाली निजी कंपनी पर 50 लाख रुपये का भारी जुर्माना ठोका गया. इसके साथ ही संबंधित वेंडर का कॉन्ट्रैक्ट भी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.

ये भी पढ़ें- Bank Holidays Alert : कल से 4 दिन के लिए बैंक बंद, डिटेल में पढ़ें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button