
Bihar News : बिहार विधान परिषद में सोमवार (23 फरवरी, 2026) को गृह विभाग के मंत्री सह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में सुशासन और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार के प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि नीट छात्रा मामले में पुलिस ने जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की थी, लेकिन उठे सवालों के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा।
विपक्ष पर तीखा हमला, कार्रवाई की चेतावनी
सम्राट चौधरी ने सदन में कहा कि सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है और उचित समय पर उचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने विपक्षी सदस्यों की ओर इशारा करते हुए कहा कि हर मामले का रिकॉर्ड सरकार के पास है और एक-एक आदमी का इलाज होगा। किसी को गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी जांच की मांग करेगा, उसकी भी निष्पक्ष जांच होगी और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
लॉ एंड ऑर्डर को लेकर सरकार का पक्ष
लॉ एंड ऑर्डर पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 में हत्या के मामलों में छह हजार से अधिक गिरफ्तारियां हुईं। लूट के मामलों में भी हजारों आरोपी पकड़े गए हैं। उन्होंने दावा किया कि अपहरण और फिरौती के मामलों में बिहार की स्थिति देश के अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर है।
डकैती मामलों में रैंकिंग का उल्लेख
सम्राट चौधरी ने कहा कि डकैती के मामलों में बिहार देश में 31वें स्थान पर है, जो राज्य में अपराध नियंत्रण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है। उन्होंने दोहराया कि सरकार सुशासन और कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
ये भी पढ़ें – बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार अभी भी जारी, हिंदू महिला के साथ हुई गैंगरेप
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









