Rafales Fighter Jet : भारत के दुश्मन मिट्टी में मिलेंगे। रक्षा मंत्रालय 114 नए 4-5-पीढ़ी के फाइटर जेट खरीदने की पूरी तैयारी में है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के फरवरी के तीसरे सप्ताह में भारत दौरे से पहले रक्षा मंत्रालय राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद पर चर्चा कर सकता है। यह खरीद प्रस्ताव लगभग 3.25 लाख करोड़ रुपए की है। रक्षा खरीद बोर्ड (DPB) ने इसे पहले ही प्रारंभिक मंजूरी दे दी है।
भारतीय वायुसेना के लिए महत्वपूर्ण डील
रक्षा सूत्रों के अनुसार, अगले सप्ताह रक्षा मंत्रालय की उच्चस्तरीय बैठक में राफेल विमानों की खरीद पर विचार किया जा सकता है। मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए यह योजना भारतीय वायुसेना के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। फिलहाल वायुसेना के पास करीब 30 सक्रिय फाइटर स्क्वाड्रन हैं, जबकि स्वीकृत संख्या 42 स्क्वाड्रन है। इसलिए नए लड़ाकू विमानों की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है।
4.5 पीढ़ी का एडवांस लड़ाकू विमान
राफेल एक 4.5 पीढ़ी का अत्याधुनिक लड़ाकू विमान है, जो हवा से हवा और हवा से जमीन दोनों तरह से काम कर सकता है। इसमें आधुनिक रडार, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम, लंबी दूरी की मिसाइलें और सटीक हथियार हैं। इसकी मल्टीरोल क्षमता इसे किसी भी मौसम और कठिन परिस्थितियों में प्रभावी बनाती है।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 18 फरवरी को दिल्ली में प्रस्तावित एआई समिट में शामिल होने वाले हैं। इससे पहले इस रक्षा सौदे पर चर्चा को बहुत अहम माना जा रहा है।
भारत में होगा 80% विमानों का निर्माण
भारत राफेल विमानों की 114 की बड़ी खरीद करने की योजना बना रहा है, जिसमें करीब 80% विमानों का निर्माण भारत में होगा। इसमें फ्रांसीसी कंपनी डसॉल्ट एविएशन और भारतीय निजी कंपनियों का सहयोग होगा। इस योजना के तहत वायुसेना को 88 सिंगल-सीटर और 26 ट्विन-सीटर विमान मिलेंगे, ज्यादातर भारत में बनाए जाएंगे।
इस सौदे के पूरा होने के बाद वायुसेना के पास कुल 150 राफेल विमान होंगे। साथ ही, नौसेना के पास भी 26 राफेल विमान होंगे, जो एयरक्राफ्ट कैरियर से उड़ान भरने के लिए खास होंगे।
भारत के दुश्मन बढ़ा रहे साझेदारी
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान-बांग्लादेश और पाकिस्तान-चीन के बीच बढ़ती रणनीतिक नजदीकियों के कारण भारत में सुरक्षा की चिंता बढ़ गई है। इसी वजह से वायुसेना के लिए 4.5 पीढ़ी के उन्नत मल्टीरोल लड़ाकू विमान राफेल को लंबे समय से आवश्यक माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- Ghaziabad Triple Suicide : तीन बहनों के दिल दहला देने वाले आखिरी शब्द, डायरी ने सुनाई दास्तां
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









