
Israel Lebanon Attack : इजरायल की वायु सेना ने सोमवार देर रात और मंगलवार तड़के दक्षिणी और पूर्वी लेबनान के कई क्षेत्रों में हमला कर दिया. इसमें लेबनान का तीसरा सबसे बड़ा शहर भी शामिल है. मंगलवार तड़के करीब एक बजे हुए हमले में दक्षिणी तटीय शहर सिदोन में एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत ध्वस्त हो गई. ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब कुछ ही दिन बाद लेबनान के सेना प्रमुख इजराइल के साथ लगती सीमा क्षेत्रों में चरमपंथी समूह हिज्बुल्ला के निरस्त्रीकरण के अपने मिशन के बारे में सरकार को जानकारी देने वाले हैं.
मौके पर मौजूद एक फोटोग्राफर के मुताबिक, जिस इलाके में हमला हुआ वह एक व्यावसायिक क्षेत्र था, जहां कई वर्कशॉप और मैकेनिक की दुकानें स्थित थीं. प्रभावित इमारत उस समय खाली थी. घटना में कम से कम एक व्यक्ति को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया है. राहत और बचाव दल अन्य संभावित पीड़ितों की तलाश में जुटे हुए हैं, हालांकि फिलहाल किसी के मारे जाने की पुष्टि नहीं हुई है.
चेतावनी के दो घंटे बाद किए गए हमले
इजराइली सेना ने सोमवार को दक्षिणी और पूर्वी लेबनान के कई ठिकानों पर हवाई हमले किए. सेना का कहना है कि इन जगहों पर चरमपंथी संगठनों हिज़्बुल्ला और हमास से जुड़ी ढांचागत सुविधाएं मौजूद थीं. ये हमले इजरायल के सैन्य प्रवक्ता अविचाई अद्राई द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चेतावनी जारी करने के लगभग दो घंटे बाद किए गए. अपनी पोस्ट में उन्होंने बताया था कि सेना पूर्वी बेका घाटी के दो गांवों और दक्षिणी लेबनान के दो अन्य गांवों में हिज़्बुल्ला और फिलिस्तीनी हमास से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाएगी. हालांकि, सिदोन में किया गया बाद का हमला बिना किसी चेतावनी के हुआ और इस पर इजराइली सेना की तरफ से तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया.
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
वहीं, लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी नेशनल न्यूज एजेंसी के मुताबिक, बेका घाटी के मनारा गांव में जिस घर को निशाना बनाया गया, वह हमास के सैन्य कमांडर शरहाबिल अल-सैयद का था. अल-सैयद मई 2024 में एक इजराइली ड्रोन हमले में मारे जा चुके थे. इजराइल की तरफ से पहले ही चेतावनी जारी कर दी गई थी, जिसके बाद इन क्षेत्रों को खाली करा लिया गया था. इसी वजह से इन हमलों में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है.
ड्रोन हमले में दो लोग घायल
बता दें कि इससे पहले सोमवार को लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि दक्षिणी गांव ब्राईकेह में एक कार पर हुए ड्रोन हमले में दो लोग घायल हुए थे. इजराइली सेना का कहना है कि उस हमले में हिज़्बुल्ला के दो सदस्यों को निशाना बनाया गया था.
ये भी पढ़ें – सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









