शिक्षक बहाली में आरजेडी की कोई भूमिका नहीं- उमेश सिंह कुशवाहा

Umesh to Tejashwi
Umesh to Tejashwi: पटना में बिहार जनता दल (यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने एक बार फिर आरजेडी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, राजद के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने जब शिक्षा विभाग जाना बंद कर दिया था तब शिक्षक बहाली की प्रक्रिया आरम्भ हुई थी। इस लिहाज से यह कहा जा सकता है कि शिक्षक बहाली में राजद की कहीं कोई भूमिका नहीं है। शिक्षक बहाली के नाम पर तेजस्वी यादव झूठ बोलकर बिहार की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
अपने माता-पिता के शासनकाल की चर्चा नहीं करते तेजस्वी
उन्होंने कहा, यह भी सर्वविदित है कि जब हमारी पार्टी के नेता विजय कुमार चौधरी शिक्षा मंत्री थे तब शिक्षक बहाली को स्वीकृति दी गई थी। उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि तेजस्वी यादव के अंदर अपने माता-पिता के शासनकाल की चर्चा करने की हिम्मत नहीं है। वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकासकार्यों के सहारे अपनी राजनीतिक दुकान चला रहे हैं। उनकी इस कोशिश का कोई फल नहीं निकलने वाला है। बिहार की जनता होशियार है और सत्य को समझती है।
आखिर यह राजनीतिक दोहरापन क्यों
उन्होंने कहा कि तेजस्वी प्रसाद यादव अपने माता-पिता के राजनीतिक विरासत पर दावा जरूर करते हैं लेकिन कभी उनके कार्यकाल की चर्चा करना जरूरी नहीं समझते। उन्हें बताना चाहिए कि आखिर यह राजनीतिक दोहरापन क्यों है? उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नौकरी के बदलें गरीबों की जमीन हड़पने वालों की असलियत जनता समझती है। बार-बार झूठ बोलने से सच को बदला नहीं जा सकता है।
परिवारवाद के प्रोडक्ट हैं तेजस्वी
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि तेजस्वी यादव परिवारवाद के प्रोडक्ट हैं। वे कभी जनता के हितैषी नहीं हो सकते। उनकी प्राथमिकता में जनता का कहीं कोई स्थान नहीं है। बिहार की जनता भी इनकी स्वार्थ की राजनीति को पहचान चुकी है। भ्रष्टाचार में डूबे राजनीतिक दलों पर जनता अब दुबारा विश्वास नहीं करेगी। परिवारवादी पार्टियां को अब अपना बोरिया-बिस्तर बांध लेना चाहिए क्योंकि 2024 में इनकी विदाई तय है।
रिपोर्टः सुजीत श्रीवास्तव, ब्यूरोचीफ, बिहार
यह भी पढ़ें: अहम ने वहम पाल रखा है… : दरक रहा इंडी गठबंधन, बीजेपी एक बार फिर करेगी शानदार प्रदर्शन!
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए।”