संबित पात्रा ने विपक्ष पर कसा तंज, बोले- पूरे हिंदुस्तान में भ्रम की राजनीति करना और अपने राज्यों के विषय में चुप रहना राहुल गांधी की खूबी

नई दिल्ली: बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान मुख्यमंत्री बघेल के पिता और और परिवारजन स्वयं ही जातिवाद और विद्वेष फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उनके खिलाफ अब FIR तक की नौबत आ गई है। राहुल गांधी को ये सब नहीं दिखता, इन सबसे वो अनभिज्ञ हैं। देश में करीब 68.75 करोड़ लोगों को वैक्सीन की एक डोज लग चुकी है। इतनी बड़ी आबादी को वैक्सीन लग जाने के बाद भी राहुल गांधी का एक भी ट्वीट नहीं आया है। बीते दो दिनों में 1 एक करोड़ से अधिक वैक्सीन लगी थीं। इसके बावजूद झूठी तस्वीर के माध्यम से भ्रम फैलाने वाले इस पर चुप रहते हैं।
कांग्रेस जमीन पर किसी भी विषय को उठाने के लिए असमर्थ: संबित पात्रा
आगे पात्रा बोले कि विश्व का सबसे तेज और सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान भारत में चल रहा है, पूरा विश्व इसकी सराहना कर रहा है। लेकिन राहुल गांधी एक भी ट्वीट टीकाकरण के संदर्भ में नहीं करते हैं। राहुल गांधी भली-भांती जानते हैं कि कांग्रेस अध्यक्षविहीन है, इसलिए कांग्रेस जमीन पर किसी भी विषय को उठाने के लिए असमर्थ है। इसलिए ये झूठे फोटो के माध्यम से राजनीति करने की कोशिश करते हैं।
जब भी भ्रम की, झूठ की राजनीति होती है, तो राहुल गांधी जी का हाथ होता ही है: पात्रा
कांग्रेस पर जुबानी हमला करते हुए आगे उन्होनें कहा कि देश में जब भी भ्रम की, झूठ की राजनीति होती है, तो राहुल गांधी जी का हाथ होता ही है। आज राहुल गांधी जी ने किसान आंदोलन की पुरानी तस्वीर को ट्वीट कर उसे वर्तमान का फोटो बताया है। अपने संगठन को आगे नहीं बढ़ाना, अपने संगठन को अध्यक्ष विहीन रखना, परिश्रम नहीं करना और दूसरे के कंधों पर बंदूक रखकर चलाने का प्रयास करना राहुल गांधी जी की आदत बन चुका है।
इसी के आगे संबित पात्रा बोले कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता और परिवार के लोग खुद जातिवाद और वैमनस्य फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उनके खिलाफ अब एफआईआर तक नौबत जा रही है। राहुल गांधी ये सब नहीं देखते हैं। आज ही राजस्थान के जालौर ज़िले में एक नाबालिग के साथ रेप की घटना भी सामने आई है। पूरे हिंदुस्तान में भ्रम की राजनीति करना और अपने राज्यों के विषय में चुप रहना राहुल गांधी की खूबी है। राहुल गांधी ज़मीन पर उतरकर राजनीति नहीं करते हैं लेकिन ट्विटर पर सक्रिय रूप से भ्रम की राजनीति करते रहते हैं। आज भी उन्होंने ट्वीट करके किसान आंदोलन के एक पुराने फोटो को आज का फोटो दिखाने की कोशिश की है।