Advertisement

अब भारत बोलता है तो दुनिया कान खोलकर सुनती है- राजनाथ सिंह

Rajnath in Karnal

Rajnath in Karnal

Share
Advertisement

Rajnath in Karnal: देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को करनाल के घरौंडा में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने करनाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के लिए वोट मांगे। इस मौके पर राजनाथ ने कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा झूठ की राजनीति की है। अब तो उनके मंसूबे और खतरनाक हो गए हैं। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी कहते हैं अगर किसी के घर के मुखिया की मृत्यु हो जाती है तो उसकी आधी संपत्ति ले ली जाएगी, क्या देश का कोई नागरिक ऐसे कानून को स्वीकार करेगा। 

Advertisement

राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं कांग्रेस नेताओं से पूछना चाहता हूं कि क्या उनके शासनकाल में हर रोज घोटाले नहीं हो रहे थे। भ्रष्टाचार के मामले में अदालत के आदेश पर उनके मंत्री को जेल की हवा खानी पड़ी थी। सैम पित्रोदा अनाप शनाप बयान देते थे.  इसी कारण कांग्रेस ने उन्हें हटाया। राजनाथ सिंह ने कहा कि देश में हर साल विधानसभा चुनाव होते हैं, पांच साल में लोकसभा चुनाव होते हैं। समय और पैसा बर्बाद होता है। तीसरी बार मोदी सरकार बनने पर वन नेशन, वन इलेक्शन करवाया जाएगा। ये बहुत पहले हो जाना चाहिए था। लेकिन कांग्रेस वाले कहते थे कि यह संभव नहीं है। असंभव को संभव करने की ताकत किसी में है तो वो भाजपा में है। वो ताकत केंद्र की मोदी सरकार में है।

उन्होंने कहा, 2004 से लेकर 2014 तक कांग्रेस की सरकार थी, तब देश अर्थव्यवस्था  के मामले में 11वें स्थान पर था। जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता में आए हैं, हम 11वें नं से छलांग लगाकर 5वें स्थान पर पहुंच गए हैं। आज हमारा दुनिया में डंका बजता है। वर्ष 2027 तक भारत दुनिया की अमेरिका और चीन के बाद तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी। अमेरिका होगा, चीन होगा उसके बाद भारत होगा। वर्ष 2047 तक भारत विश्व की महाशक्ति बनेगा। पाकिस्तानी सांसद ने भी कहा है कि भारत विश्व की महाशक्ति बनने जा रहा है। हरियाणा के लोग स्वाभीमानी होते हैं, वे भूखे रह लेंगे, लेकिन अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करेंगे।

इससे पहले रैली में पहुंचने पर करनाल से भाजपा प्रत्याशी मनोहर लाल और अन्य नेताओं ने पगड़ी पहनाकर रक्षामंत्री राजनाथ का भव्य स्वागत किया। राजनाथ ने कहा कि आज नए भारत का निर्माण हो रहा है, आप खुशकिस्मत हैं कि आपके यहां मनोहर लाल प्रत्याशी हैं। देश का मस्तक ऊंचा होना चाहिए। लक्ष्मी जी कमल के फूल पर घर आती हैं,इसलिए कमल का बटन दबाना है और मेरी अंतिम बात सुन लीजिए कि आप मनोहर लाल को केवल सांसद नहीं चुन रहे हैं ‘कुछ और’ ही चुन रहे हैं।

‘कांग्रेस ने झूठ की राजनीति की’

राजनाथ ने कहा कि 50 साल से ज्यादा तक जनता ने कांग्रेस को सत्ता सौंपे रखी। पंडित जवाहरलाल नेहरू कहते थे कि भारत आजाद हो गया है,अब गरीबी खत्म करेंगे, इंदिरा गांधी भी कहती थी कि गरीबी खत्म करेंगे, मनमोहन सिंह भी कहते थे कि गरीबी खत्म करेंगे,लेकिन उनसे कुछ नहीं हो पाया। उन्होंने हमेशा वोट बैंक के लिए झूठ की राजनीति की है। लेकिन आजाद भारत में पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला। देश से गरीबी को पूरी तरह समाप्त करने में 10-15 साल को और समय लगेगा। देश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने पर देश में गरीबी पूरी तरह खत्म करके दिखाएंगे।

‘भाजपा सभी वादे पूरे करेगी’

रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा कभी झूठे वादे नहीं करती. हमने चुनाव से पहले कहा था कि जिस दिन केंद्र में भाजपा सरकार बनेगी धारा 370 खत्म करेंगे और सरकार बनते ही 370 धारा खत्म कर दी। हमने वादा किया था कि राम मंदिर बनाएंगे और सत्ता में आते ही राम मंदिर बना दिया। भाजपा कभी भी झूठ की राजनीति नहीं करती है आपके सभी वादे पूरे करेंगे। हिंदू हो या मुस्लिम किसी भी धर्म की महिलाएं हो हम अत्याचार सहन नहीं करेंगे और इसीलिए तीन तलाक खत्म कर दिया। इससे मुस्लिम महिलाएं भी खुश हैं।

‘इंदिरा ने देश में इमरजेंसी लगाई’

राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस कहती है कि मोदी जी तानाशाह हैं। 1975 के चुनाव में इंदिरा गांधी चुनाव हार गई थीं, लेकिन उन्होंने क्या किया कि देश में इमरजेंसी लगा दी। मेरी उम्र भी 24 साल की थी। मुझे 18 महीने जेल में रहना पड़ा। कांग्रेस के कारण लोकतंत्र का गला घोंटा गया। मेरी मां की सदमे में मौत हो गई। कांग्रेस सरकार ने मुझे पैरोल तक नहीं दी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार चरम पर था, हमारी सरकार ने लगभग 22 हजार करोड़ रुपये भ्रष्टाचारियों से वसूल किए हैं। इन लोगों ने जनता का खून चूसा है। ये बहुत चालक हैं, गलत तर्क पेश करके जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस ने सेना के उपकरणों में घोटाले कर सेना को कमजोर करने का काम किया।

‘केजरीवाल ने भी जनता को धोखा दिया’

राजनाथ सिंह ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भी जनता को धोखा दिया। वह झूठा प्रचार कर रहे हैं कि सरकार ने जेल में भिजवाया, लेकिन ऐसा नहीं है, शराब घोटाले के मामले में संजय सिंह भी जेल में गए। जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। कानून अपना काम करेगा। जिसने भी गलत काम किया है वह जेल में होगा। हमारी सरकार गरीबों की सरकार, महिलाओं की सरकार है। आपकी सरकार है। हम भ्रष्टरचार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। गलत काम करने वालों को सजा भुगतनी ही होगी। विपक्ष झूठे आरोप लगाकर कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि क्या आप चाहते हैं हमारी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई न करे।     राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस कभी भी भ्रष्टाचार को रोक नहीं पाई। लेकिन 56 इंच के सीने वाले नरेन्द्र मोदी ने भ्रष्टाचार खत्म कर दिया।

‘मनोहर लाल राजनीति के संत’

मनोहर लाल के बारे में बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि वो मनोहर लाल को 40-45 वर्ष से ज्यादा समय से जानते हैं। उन पर कभी चरित्र या भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। वे राजनीति में संत की तरह हैं। आप उन्हें भारी मतों से जिताकर दिल्ली भेजें वे वहां भी आपके विकास के लिए काम करेंगे। देश आगे बढ़ रहा है, पहले जब मैं विदेश जाता था,अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर बोलता था तो लोग चाय पीने चले जाते थे, लेकिन आज यह खुश होने की बात है कि आज जब भारत बोलता है तो सारी दुनिया कान खोलकर सुनती है। मेरी बात अगर गलत हो तो आप हरियाणा के विदेश में रहने वाले लोगों से भी पूछ सकते हैं।

‘ईश्वर कांग्रेस और उसके लोगों को सद्बुद्धि दे’

सैम पित्रोदा कहते हैं कि भारत में ऐसा करना चाहिए कि घर का मुखिया मर जाए तो उसकी संपत्ति सरकार को दे दी जाए। ये कितनी हास्यास्पद बात है। ईश्वर कांग्रेस और उसके लोगों को सद्बुद्धि दे। रक्षा मामले में हम किसी से कमजोर नहीं हैं। हमने जवानों के सम्मान में वन रैंक वन पेंशन सही प्रकार लागू किया है। राजनाथ सिंह ने कहा-कांग्रेस में एक से एक जीव हो गए। राहुल गांधी कह रहे हैं कि आपकी संपत्ति का सर्वे कराया जाएगा, आप लोग तो खुश होंगे। इनके सलाहकार भी ऐसे हैं, पित्रोदा भी उनमें से एक हैं। कांग्रेस कह रही है कि जब परिवार का मुखिया खत्म हो जाएगा तो उसकी आधी संपत्ति सरकार जब्त कर लेगी। पता नहीं इन्हें क्या हो गया है। रक्षा के मामले में भी हम लोग कमजोर नहीं हैं.

यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी जिले में हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत पर CM नीतीश ने जताया दुःख

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य खबरें