Advertisement

IPL 2023: लखनऊ की प्लेऑफ में खेलने की उम्मीदें बरकरार, पढ़ें पूरी खबर

Share
Advertisement

लखनऊ सुपरजायंट्स के युवा तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने मुंबई के खिलाफ अंतिम ओवर में 11 रन डिफेंड करते हुए MI को 5 रन से शिकस्त थमा दी है। इसी के साथ लखनऊ सुपरजायंट्स पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर आ गई है।

Advertisement

उसके 13 मैचों में 7 जीत, 5 हार और 1 रद्द मुकाबले के साथ 15 अंक हो गए हैं। उसका नेट रन रेट +0.304 है। चेन्नई के भी इतने ही मुकाबलों में 15 अंक हैं। पर CSK +0.381 के नेट रन रेट के कारण दूसरे पायदान पर बनी हुई है।

LSG के तीन विकेट पर 177 के जवाब में MI 5 विकेट खोकर 172 रन ही बना सकी। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

केएल राहुल की अनुपस्थिति में दीपक हुड्डा और क्विंटन डी कॉक की जोड़ी ओपनिंग करने उतरी। शुरू से आशंका जताई जा रही थी कि लखनऊ में दोनों ही टीमों को स्लो पिच मिलेगी।

बेहनड्रॉफ के तीसरे ओवर की पहली ऑफ कटर धीमी गेंद पर डाउन द ग्राउंड शॉट खेलने के प्रयास में दीपक हुड्डा मिड ऑन पर तैनात टिम डेविड को आसान कैच दे बैठे। हुड्डा के खाते में 7 गेंद पर 5 रन आए और LSG को 12 पर पहला झटका लग गया। स्लो बीच वाली बात सही साबित होती हुई नजर आई। 

पावरप्ले की समाप्ति के बाद लखनऊ का स्कोर

पिछले मुकाबले के हीरो प्रेरक मांकड़ पहली ही गेंद पर बगैर खाता खोले लौट गए। वह शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद को थर्डमैन की दिशा में गाइड करने के प्रयास में विकेटकीपर को कैच दे बैठे। पावरप्ले की समाप्ति के बाद लखनऊ का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 35 रन था।

पीयूष चावला के 7वें ओवर की पहली गुगली पर क्विंटन डीकॉक ईशान को कैच थमा बैठे। टॉस्ड अप आउटसाइड ऑफ गेंद को ड्राइव करने के प्रयास में डीकॉक के बल्ले का एज लग गया। वह 15 गेंद खेलकर 2 चौकों की मदद से सिर्फ 16 रन बना सके और 35 के स्कोर पर LSG को तीसरा झटका लग गया।

यहां से लखनऊ के लिए डगर कठिन नजर आ रही थी। धीमी विकेट पर ठहर कर बल्लेबाजी करने वाले केएल राहुल की कमी बड़ी शिद्दत से महसूस की जा रही थी। पर उस कमी को लखनऊ के नए-नवेले कप्तान क्रुणाल पंड्या ने बखूबी पूरा किया। उन्होंने 42 गेंद पर 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 49* रन बनाए।

क्रुणाल क्रैम्प का शिकार हुए

क्रुणाल दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से 16वें ओवर की अंतिम गेंद पर क्रैम्प का शिकार होकर मैदान से बाहर चले गए। वह जब तक मैदान पर रहे, सिंगल को डबल में तब्दील करते रहे। क्रुणाल ने स्टोइनिस के साथ 59 गेंदों पर 82 रनों की साझेदारी की। 16 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर 117 रन था।

यहां से अंतिम 4 ओवर में स्टोइनिस और निकोलस पूरन ने 60 रन बना दिए। इस साझेदारी में पूरन का योगदान 8 गेंद खेलकर सिर्फ 8* रन का था। लखनऊ की पारी के असली पालनहार बने ताकतवर भुजाओं वाले कंगारू बल्लेबाज मार्कस स्टोइनिस।

उन्होंने 47 गेंद पर 4 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 89* रन ठोक दिए। इस दौरान स्टोइनिस का स्ट्राइक रेट 189 का रहा। क्रिस जॉर्डन का 18वां ओवर गेम चेंजर साबित हुआ। इसमें स्टोइनिस ने 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 24 रन जड़ दिए। 19वें और 20वें ओवर से 15-15 रन आए।

यानी कुल मिलाकर अंतिम 18 गेंदों पर 54 रन बने। एक वक्त जो LSG 140 के आसपास ठहरती नजर आ रही थी, वह निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति के बाद 3 विकेट के नुकसान पर 177 तक पहुंच गई। 

मुंबई इंडियंस ने ताबड़तोड़ शुरुआत

जवाब में मुंबई इंडियंस ने ताबड़तोड़ शुरुआत की। उसने पावरप्ले में बगैर विकेट गंवाए 65 रन ठोक दिए। इस दौरान ईशान किशन और रोहित शर्मा ने लखनऊ के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। MI की सलामी जोड़ी को देखकर लग रहा था कि ये दोनों ही मिलकर मैच खत्म कर देंगे।

रवि बिश्नोई के 10वें ओवर की चौथी लेग ब्रेक पर हिटमैन फंस गए। स्लॉग स्वीप करते हुए बल्ले और गेंद का ठीक तरीके से मिलन नहीं हुआ। टॉप एज लॉन्गऑन पर खड़े दीपक हुड्डा के हाथ चला गया। रोहित 25 गेंद पर 1 चौके और 3 छक्के की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए।

रोहित के पवेलियन जाते ही मुंबई ने अपने सबसे बड़े तुरुप के इक्के सूर्यकुमार यादव को मैदान पर भेज दिया। इसी बीच क्रुणाल पांड्या के 11वें ओवर की पहली शॉर्ट बॉल को डीप स्क्वायर लेग की दिशा में चौके के लिए भेजकर ईशान ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।

रवि बिश्नोई ने बिगडा खेल

रवि बिश्नोई के 12वें ओवर की पहली गुगली को डीप मिडविकेट स्टैंड भेजने के प्रयास में ईशान फंस गए। टॉप एज को बाउंड्री पर तैनात नवीन उल हक ने आसान कैच में तब्दील कर दिया।ईशान ने 39 गेंद पर 8 चौकों और एक छक्के की मदद से 59 रन बनाए। यह इस IPL सीजन उनका तीसरा अर्धशतक रहा।

यहां से MI को जीत के लिए 53 गेंद पर 75 रनों की दरकार थी। सूर्यकुमार यादव मुंबई को लगातार सिंगल-हैंडेडली मुकाबले जिता रहे थे। पर लखनऊ के खिलाफ वह लॉ ऑफ एवरेजेज का शिकार हो गए। यानी लगातार बड़ी पारियों के बीच सूर्या के बल्ले से एक कम स्कोर वाली पारी आ गई।

यश ठाकुर के 15वें ओवर की पहली गेंद को एक्रॉस शफल करते हुए स्कूप करने के प्रयास में सूर्या गेंद को विकेट पर ही खेल बैठे। सूर्यकुमार यादव 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए और मुंबई को 115 के स्कोर पर तीसरा झटका लग गया।

नेहाल वढ़ेरा ने हाल ही में अर्धशतक जड़कर मुंबई को मैच जिताया था। पर इस बड़े मुकाबले में वह संघर्ष करते नजर आए। खासकर उन्होंने काफी डॉट गेंदें खेलीं। आखिरकार मोहसिन खान के 17वें ओवर की पहली गेंद को पुल करने के प्रयास में नेहाल स्क्वायर लेग पर कैच दे बैठे। नेहाल 20 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने से मुंबई के खेमे में जीत की उम्मीद फिर जग गई।

नए बल्लेबाज विष्णु विनोद भी यश ठाकुर के 18वें ओवर की चौथी शॉर्ट गेंद को डीप स्क्वायर लेग को सीधा कैच दे बैठे। मुंबई की सारी उम्मीद टिम डेविड पर टिकी हुई थी। वही टिम डेविड, जो लखनऊ की पारी की अंतिम गेंद पर स्टोइनिस का छक्का रोकने के नाकाम प्रयास में सीमा रेखा पर घायल हो गए थे।

डेविड की बल्लेबाजी ने किया कमाल

डेविड ने 19वें ओवर में नवीन उल हक के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की। दूसरी गेंद पर ताबड़तोड़ छक्का जड़ने के बाद तीसरी गेंद पर टिम डेविड ने डबल लिया। चौथी गेंद हाइट वाली नो बॉल और बदले में बाई के तौर पर 4 रन।

अंतिम गेंद पर एक और छक्का। ओवर से कुल मिलाकर 24 रन। टिम डेविड ने 17 गेंदों पर 1 चौके और 3 छक्कों की मदद से 29 रन बना दिए थे। उनके मैदान पर रहते मुंबई को अंतिम ओवर में जीतने के लिए 6 गेंद पर 11 रन बनाने थे। 

मोहसिन खान के 20वें ओवर की पहली बैक ऑफ लेंथ गेंद कैमरन ग्रीन ने डॉट खेली। दूसरी शॉर्ट गेंद को मिडविकेट की दिशा में पुल करते हुए ग्रीन ने सिंगल ले लिया। तीसरी गेंद फुलर लेंथ अराउंड ऑफ थी।

टिम डेविड कवर्स की दिशा में 1 रन ही ले पाए। चौथी गेंद परफेक्ट यॉर्कर थी और कैमरन ग्रीन इस पर कुछ नहीं कर पाए। डॉट बॉल के बाद मुंबई को जीत के लिए 2 गेंद पर 9 रन चाहिए थे। पांचवीं गेंद एक और सटीक यॉर्कर… ग्रीन ऑफ साइड में खेलकर सिर्फ 1 रन भाग सके।

अंतिम फुल लेंथ गेंद पर डेविड को 2 रन मिले और लखनऊ 5 रन से मुकाबला जीत गई। युवा तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने मॉडर्न डे क्रिकेट के दो बड़े फिनिशर माने जाने वाले टिम डेविड और कैमरन ग्रीन के रहते हुए 11 रन डिफेंड कर लिए। मोहसिन ने 3 ओवर में 26 रन देकर 1 सफलता हासिल की। यश ठाकुर और रवि बिश्नोई को भी 2-2 विकेट मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य खबरें