
CM Yogi Singapore Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों के उत्तर प्रदेश को ‘मैन्युफैक्चरिंग हब ऑफ इंडिया’ बनाने के लक्ष्य के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर और जापान के चार दिवसीय दौरे हैं। 2017 की म्यांमार यात्रा के बाद यह मुख्यमंत्री का पहला विदेशी दौरा है, जिसे प्रदेश की निवेश कूटनीति और औद्योगिक विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सीएम योगी आज सिंगापुर दौरे पर हैं। इस दौरान भारतीय मूल के लोगों से मुलाकात की और उन्हें संबोधित करते हुए मातृभूमि से जुड़े रहने की भावना पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग विदेश में रहकर भी भारत के प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखते हैं, वे देश के लिए प्रेरणा हैं।
योगी ने कहा कि भारत की मिट्टी से जुड़ाव ही वह शक्ति है, जो विश्व के अलग-अलग हिस्सों में बसे भारतीयों को अपनी जड़ों की ओर आकर्षित करती है।
भारत की प्राचीन सोच: दुनिया एक परिवार
अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने भारतीय संस्कृति की वैश्विक दृष्टि को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि ‘ग्लोबल विलेज’ की अवधारणा भले आधुनिक लगती हो, लेकिन भारत ने हजारों वर्ष पहले “वसुधैव कुटुंबकम” का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा सिखाती है कि पूरी पृथ्वी एक परिवार है, जहां भेदभाव की कोई जगह नहीं होती। यही सोच भारत को विश्व समुदाय में विशेष पहचान देती है।
‘हर व्यक्ति पर अपनी मातृभूमि का ऋण’
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति पर अपनी मातृभूमि का ऋण होता है। जिस देश में रहें, वहां पूरी निष्ठा से योगदान दें, लेकिन अपनी जड़ों और संस्कृति को कभी न भूलें। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से आह्वान किया कि वे भारत के विकास की यात्रा में भागीदार बनें।
तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर भारत
योगी आदित्यनाथ ने नए भारत की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश डिजिटल क्रांति, स्टार्टअप संस्कृति और तकनीकी नवाचार में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।
AI समिट और डिजिटल इंडिया की वैश्विक सराहना
योगी ने दिल्ली में आयोजित ग्लोबल एआई समिट का जिक्र करते हुए कहा कि 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने इसमें भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने डिजिटल इंडिया विजन के जरिए वैश्विक मंच पर मजबूत छाप छोड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दुनिया भारत की तकनीकी क्षमता और विकास मॉडल को गंभीरता से देख रही है।
ये भी पढ़ें – बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार अभी भी जारी, हिंदू महिला के साथ हुई गैंगरेप
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









