Uttar Pradesh

संजय निषाद का बड़ा विवादित बयान, बोले- ‘हाथ तोड़कर काटकर फेंक दो’, हम जमानत दिलवा देंगे

UP News : निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने रविवार को सुल्तानपुर में आयोजित जनसभा में विवादित बयान दिया. कूरेभार के पटना चौराहे पर आयोजित निषाद पार्टी की जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने समर्थकों से कहा, “अगर कोई आपके ऊपर हाथ उठाता है, तो आज के बाद हमारी तरफ से आदेश है… हाथ तोड़कर काटकर फेंक दो, हम तुम्हें जमानत दिलवा देंगे.”

जनसभा में संजय निषाद ने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर निशाना साधते हुए नौकरियों के आंकड़ों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाया, उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टियों के चुनाव चिन्हों पर बटन दबाने से नौकरियों का लाभ दूसरों को मिला है.

उन्होंने समर्थकों से निषाद पार्टी का झंडा घर-घर फहराने की अपील की. संजय निषाद ने कहा कि यही झंडा उनके बच्चों के भविष्य, शिक्षा, सम्मान और सुरक्षा की गारंटी है.

उन्होंने कहा कि अगर दूसरी पार्टी का कोई नेता उनके मोहल्ले में झंडा लेकर आता है तो उसका स्वागत करने के बजाय उसे भगाया जाए. उनके मुताबिक, जब तक उनका समाज दूसरों का झंडा उठाता रहा, तब तक उसका शोषण होता रहा और युवाओं की नौकरियों की लूट होती रही, उन्होंने समर्थकों से ‘जय निषाद राज’ का झंडा उठाने और बेईमानों का झंडा बुलंद नहीं करने की अपील की.

गोरखपुर की घटना का किया जिक्र

संजय निषाद ने हाल ही में गोरखपुर में निषाद समाज के एक व्यक्ति के साथ हुई मारपीट और अभद्रता के वीडियो का भी जिक्र किया, उन्होंने कहा कि सामंती सोच रखने वाले लोग समाज के लोगों पर अत्याचार कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि वह अपने समाज के मान-सम्मान के लिए हमेशा आगे खड़े रहेंगे और ऐसे लोगों की जगह जेल की सलाखों के पीछे है.

संजय निषाद ने फैजाबाद/अयोध्या की घटना का भी जिक्र किया, उन्होंने दावा किया कि निषाद समाज की बेटी के साथ अत्याचार करने वालों के खिलाफ विधानसभा में आवाज उठाने के बाद ही सख्त कार्रवाई और बुलडोजर एक्शन हुआ था.

ये भी पढ़ें – UP में भारी बारिश के बाद CM योगी का बड़ा एक्शन, बिजली और सड़कों को लेकर दिए सख्त निर्देश

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button