77th Republic Day : आज भारत 77वां गणतंत्र दिवस का पावन पर्व मना रहा है। पूरा देश देशभक्ति के रंगों से रंगा है। देश के इस पावन पर्व पर पीएम मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई दिग्गज नेताओं ने देशवासियों को बधाई दी।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘ सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत बधाई। भारत की आन-बान और शान का प्रतीक यह राष्ट्रीय महापर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे। विकसित भारत का संकल्प और अधिक सुदृढ़ हो, यही कामना है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘समस्त देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। इस अवसर पर सभी स्वाधीनता सेनानियों व मजबूत लोकतंत्र की नींव रखने वाले संविधान निर्माताओं को नमन करता हूं। आइए, मोदी जी के नेतृत्व में संवैधानिक मूल्यों को और सशक्त बनाते हुए ‘विकसित भारत’ बनाने का संकल्प लें।’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, ‘गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं! आज, हम उस संविधान में अपने विश्वास को फिर से पक्का करते हैं जो हमारे लोकतंत्र, एकता और राष्ट्रीय चरित्र को परिभाषित करता है। हम उन दूरदर्शी लोगों का सम्मान करते हैं जिन्होंने हमारे गणतंत्र को आकार दिया और उन बहादुर बेटों और बेटियों को सलाम करते हैं जो साहस और बलिदान के साथ इसकी रक्षा करते हैं। आइए, एक मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रगतिशील भारत बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ आगे बढ़ें। जय हिन्द!’
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस की समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने लिखा, ‘इस राष्ट्रीय पर्व पर आइए हम महान स्वाधीनता संग्राम सेनानियों का स्मरण करें और हमारे संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति कटिबद्ध रहने की प्रतिज्ञा करें।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ‘एक्स’ पोस्ट पर लिखा, ‘प्रदेश वासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हम सभी का राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और विकास के प्रति समर्पण हमारे लोकतंत्र को सशक्त एवं मजबूत बनाता है। आइए, अपने अमर सेनानियों को स्मरण करने के साथ, संविधान के आदर्शों से प्रेरित होकर एक ‘सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण हेतु संकल्पित हों। जय हिंद!’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारा संविधान हर भारतीय का सबसे बड़ा हथियार है – यही हमारी आवाज़ है, हमारे अधिकारों का सुरक्षा-कवच। इसी की मज़बूत नींव पर हमारा गणतंत्र खड़ा है जो समानता और सौहार्द से ही सशक्त होगा। संविधान की रक्षा ही, भारतीय गणतंत्र की रक्षा है – हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को सच्ची श्रद्धांजलि है। जय हिंद! जय संविधान!’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी एक्स पर ट्वीट कर लिखा, ‘स्वतंत्र भारत के इतिहास में ये एक अनूठा गणतंत्र दिवस है, जब तारीख़ भी 26 है साल भी 26 है। इसीलिए इस विशेष गणतंत्र दिवस की विशेष बधाई और शुभकामनाएँ! आइए इस विशेष गणतंत्र दिवस पर देश के गणतंत्र के आधार जनतंत्र और उसके आधार ‘संविधान’ की रक्षा का विशिष्ट संकल्प उठाएं।
ये भी पढ़ें- Republic Day 2026 : CRPF की सिमरन बाला कौन हैं, पुरुष जवानों का किया नेतृत्व, जानें सबकुछ
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









