Women Health : आज के समय में कई महिलाएं पीरियड्स के दौरान तेज दर्द, कमजोरी, थकान और मूड में बदलाव जैसी समस्याओं का सामना करती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि मासिक धर्म के दौरान होने वाली परेशानियों को कम करने में खानपान की अहम भूमिका होती है। शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी दर्द और असहजता को बढ़ा सकती है।
आयरन की कमी बढ़ा सकती है परेशानी
सीनियर गायनेकोलॉजिस्ट और आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. वैशाली शर्मा के अनुसार, पीरियड्स के दौरान होने वाली ब्लीडिंग से शरीर में आयरन का स्तर कम हो सकता है। आयरन की कमी के कारण थकान, कमजोरी, ध्यान केंद्रित करने में परेशानी और मूड पर असर पड़ सकता है।
उन्होंने बताया कि डाइट में पालक, दालें, राजमा और आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करने चाहिए। नॉन-वेजिटेरियन महिलाएं सीमित मात्रा में रेड मीट भी ले सकती हैं। इसके अलावा आयरन के बेहतर अवशोषण के लिए विटामिन सी जरूरी है, इसलिए नींबू, टमाटर और संतरे जैसे खाद्य पदार्थ फायदेमंद हो सकते हैं।
मैग्नीशियम से मिल सकती है दर्द में राहत
विशेषज्ञों के मुताबिक मैग्नीशियम मांसपेशियों को आराम देने और नर्वस सिस्टम को संतुलित रखने में मदद करता है। इसकी कमी से पीरियड्स के दौरान दर्द अधिक महसूस हो सकता है।
मैग्नीशियम की पूर्ति के लिए कद्दू के बीज, बादाम, केला और ज्यादा कोको वाली डार्क चॉकलेट को डाइट में शामिल किया जा सकता है। कुछ महिलाओं में इससे दर्द की तीव्रता कम होने में मदद मिल सकती है।
ओमेगा-3 भी है फायदेमंद
पीरियड्स के दर्द का एक कारण प्रोस्टाग्लैंडिन नामक तत्वों का बढ़ना भी माना जाता है, जो गर्भाशय में संकुचन को बढ़ा सकते हैं। ओमेगा-3 फैटी एसिड इन तत्वों के प्रभाव को कम करने में मदद कर सकता है। डॉक्टर के अनुसार अखरोट, अलसी के बीज और सैल्मन जैसी चीजें ओमेगा-3 के अच्छे स्रोत हैं। इन्हें नियमित आहार का हिस्सा बनाने से पीरियड्स के दौरान दर्द और असहजता में राहत मिल सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पीरियड्स के दर्द को केवल दवाओं पर निर्भर रहकर नहीं, बल्कि सही खानपान, पर्याप्त पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के जरिए भी नियंत्रित किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें- अमेरिका का ईरान पर बड़ा हमला, 5 की मौत, 68 लोग घायल, ईरान का जवाबी पलटवार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









