
Weather Update : उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के बाद राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। विशेषकर पश्चिमी यूपी के जिलों जैसे मथुरा और आगरा में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इस बदलाव के संकेत दिए हैं।
25 मार्च को पूरे प्रदेश में रहेगा सामान्य मौसम
पूर्वानुमान के मुताबिक 25 मार्च को पूरे प्रदेश में मौसम सामान्य रहेगा और पूर्वी व पश्चिमी यूपी के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली रहेगी। इस दौरान तापमान में मामूली वृद्धि भी देखी जा सकती है। फिलहाल प्रदेश के सभी 75 जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है।
26 मार्च से कई जिलों में बारिश और बादलों की दस्तक
26 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे- आगरा, मथुरा, सहारनपुर, शामली, बिजनौर, इटावा, जालौन और झांसी में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके बाद 27 मार्च को पूर्वी यूपी में भी मौसम बदल सकता है और बादल छा सकते हैं। 28 और 29 मार्च को भी इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है।
पूर्वी यूपी में फिलहाल रहेगा साफ मौसम
गोरखपुर से वाराणसी तक के इलाकों में फिलहाल मौसम सामान्य रहेगा और धूप खिली रहेगी। आजमगढ़, प्रयागराज, अयोध्या, गाजीपुर, बरेली, मेरठ, गाजियाबाद समेत कई जिलों में साफ मौसम के साथ तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ से तापमान में बढ़ोतरी संभव
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, 26 और 28 मार्च को दो पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहे हैं, जिसका असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी पड़ेगा। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है।
लखनऊ में साफ रहेगा आसमान
राजधानी लखनऊ में भी मौसम साफ रहेगा और आंशिक रूप से बादल दिखाई दे सकते हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें – राजस्थान बोर्ड ने जारी किए 5वीं-8वीं के रिजल्ट, पासिंग नियमों में बदलाव लागू
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









