Munawwar Rana Died: सुपुर्द-ए-खाक हुए मुनव्वर राना, जावेद अख़्तर ने जनाज़े को दिया कंधा

Munawwar Rana Died: शायर मुनव्वर राना का रविवार (14 जनवरी) रात को निधन हो गया है। वो 71 साल के थे। फेफड़ों में इंफेक्शन के कारण मुनव्वर ने दुनिया से अलविदा कहा। मुनव्वर को काफी समय से किडनी की भी परेशानी थी। आज उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। गीतकार जावेद अख़्तर भी मुनव्वर राना की आखिरी यात्रा में शामिल हुए। जावेद अख़्तर के अलावा सैफ बाबर, हसन इब्राहिम, तारीख कमर जैसे शायर भी इस दौरान मौजूद रहे। शायर मुनव्वप राना को ऐशबाग के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया है।
उनकी कमी हमेशा खलेगी-जावेद
शायर मुनव्वर राना की आखिरी यात्रा में कई लोगों ने शिरकत की। प्रसिद्ध गीतकार जावेद अख़्तर (Javed Akhtar ) भी इस दौरान वहां पहुंचे। उन्होंने मुनव्वर राना के जनाजे को कंधा भी दिया। जावेद अख़्तर ने मुनव्वर राना के निधन को शायरी और उर्दू का बड़ा नुकसान बताया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, ‘शायरी और उर्दू का यह एक बड़ा नुकसान है। मुझे इसका बेहद अफसोस है। यह नस्ल एक-एक करके जा रही है और इसकी भरपाई नहीं हो पाएगी, उनकी कमी हमेशा खलेगी। उनकी शायरी प्रेरक है, उनके लिखने का अपना अंदाज़ था। अच्छी शायरी करना मुश्किल है लेकिन उससे भी ज़्यादा मुश्किल है अपनी शायरी करना।’
अखिलेश यादव ने भी किया मुनव्वर राना को याद
सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भी शायर मुनव्वर राना को याद किया। उन्होंने मुनव्वर राणा देश का बहुत बड़ा शायर बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे शायर बहुत कम होते हैं जो कई मौकों पर बहुत स्पष्ट होते हैं। मैं प्रार्थना करूंगा कि भगवान उनके परिवार को यह दुख सहने की हिम्मत दें।
सिर्फ शायरी ही नहीं, इन वजहों से भी चर्चा में आए थे मुनव्वर
मुनव्वर राना सिर्फ अपनी शायरी के लिए ही नहीं जाने जाते थे। उन्होंने कई ऐसे कॉन्ट्रोवरशियल स्टेटमेंट दिए जिसके कारण वो चर्चा में आ गए थे।
योगी दोबारा मुख्यमंत्री बने तो कर लूंगा पलायन
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के दौरान पाकिस्तान-पलायन और जिन्ना को लेकर काफी सियासत हुई थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि वर्तमान सरकार पलायन-पलायन खेल रही है। उन्होंने योगी सरकार पर उन्हें और मुसलमानों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर प्रदेश में भाजपा की सरकार आ जाती है और योगी फिर से मुख्यमंत्री बनते हैं तो हमें यहां रहने की जरूरत नहीं है, मैं यहां से पलायन कर लूंगा।
भाजपा सरकार ने हमें परेशान किया
मुनव्वर राना ने भाजपा पर मुस्लिम लोगों को परेशान करने का भी आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि बार बार चुनाव में पाकिस्तान, तालिबान अब्बाजान जैसी की बात करने का मतलब है कि हिंदुस्तानी मुसलमानों पर आप शक करते हैं। उनके खिलाफ नफरत का माहौल बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि एक शायर के दिल मे कौम का दर्द होता है। यही वजह है कि भाजपा सरकार ने हमें परेशान किया।
ये भी पढ़ें: ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का दूसरा दिन, राहुल बोले- मणिपुर में वापस लाना चाहते हैं शांति
Follow us on: https://twitter.com/HindiKhabar