सांसद ललन सिंह बने JDU के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष, बैठक में लिया गया फैसला

नई दिल्ली। जनता दल यूनाइटेड यानि की (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बदले जाने की चर्चाओं के बीच पार्टी ने शनिवार को दिल्ली में अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की। बैठक शाम 4 बजे जंतर-मंतर स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में की गई। हालांकि इस बैठक को लेकर सियासत तेज हो गई थी।
वहीं इस बीच दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति की गई। जिसमें मुंगेर से सांसद ललन सिंह को जेडीयू का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। बैठक में पार्टी ने सर्वसम्मती से यह फैसला लिया है।
बता दें कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार के बेहद करीबी नेता आरसीपी सिंह के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद से सूबे की सियासी गलियारों में ऐसी चर्चाएं थीं कि ललन सिंह को पार्टी की कमान दी जा सकती है। हालांकि इस पद के लिए पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष और पूर्व केन्द्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा को भी प्रबल उम्मीदवार बताया जा रहा था। लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ललन सिंह पर ही भरोसा जताया है।