Delhi Weather Today : दिल्ली-NCR में शुक्रवार को भी बारिश का सिलसिला जारी है. लगातार हो रही बारिश का असर सुबह से ही सड़कों पर साफ दिखाई दे रहा है. कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि कुछ जगहों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं. बारिश के कारण लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हुई है और खासकर ऑफिस आवर में आने-जाने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
शुक्रवार सुबह शुरू हुई बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में सड़कें पानी से भर गईं. इससे वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक समय लगा. कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाओं ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.
दिल्ली में दिनभर बारिश की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में सुबह से दोपहर तक अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. विभाग ने कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी आशंका जताई है. इसके अलावा शाम और रात के समय भी हल्की बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है.
हिमाचल और उत्तराखंड में भी असर
हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की शुरुआत के बाद से बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 64 लोगों की मौत हो चुकी है. राज्य में 14 भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की गई हैं और मौसम विभाग ने 12 अगस्त तक बारिश का अलर्ट जारी किया है.
उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण गुरुवार को अलकनंदा और भागीरथी समेत कई प्रमुख नदियां उफान पर रहीं. भूस्खलन और मलबा आने की वजह से चार राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 132 सड़कें बंद हो गई हैं.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
स्काईमेट वेदर के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, केरल, तटीय कर्नाटक और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इनमें से कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है.
ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









