Uttar Pradeshराष्ट्रीय

मथुरा में दर्दनाक हादसा, यमुना नदी में नाव पलटी, 10 की मौत और कई लापता

Mathura Boat Accident : मथुरा के वृंदावन क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां यमुना नदी में एक स्टीमर (नाव) पलट जाने से हड़कंप मच गया। यह घटना श्रृंगार घाट के पास हुई, जिसमें लगभग 25 लोग सवार थे। हादसे में अब तक करीब 10 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।

राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि लगभग एक दर्जन लोग अभी तक लापता हैं। वहीं कई घायलों के डूबने की आशंका भी बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। गोताखोरों की मदद से राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। अब तक कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि यह हादसा दोपहर करीब 2:45 बजे के आसपास हुआ। उनके अनुसार, लुधियाना से आए करीब 30 पर्यटक नावों से यमुना दर्शन कर रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। उन्होंने कहा कि सभी संभावित संसाधनों को राहत कार्य में लगाया गया है और अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।

पुलिस टीमें लगातार काम कर रही

एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने जानकारी दी कि अब तक कई लोगों को निकालकर अस्पताल भेजा गया है। राहत कार्य में एंबुलेंस और पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर मरम्मत कार्य भी चल रहा था, और आशंका जताई जा रही है कि उसी से जुड़ी किसी वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि जांच जारी है।

प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने के आदेश

इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने के आदेश भी जारी किए हैं। प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और लापता लोगों की तलाश युद्ध स्तर पर की जा रही है।

ये भी पढ़ें- WhatsApp एन्क्रिप्शन नीति पर विवाद, Telegram CEO ने बताया ‘फ्रॉड’, प्राइवेट मैसेज पर बड़े सवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button