Bihar News : जेडीयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी और उनके बेटे अम्बरीष त्यागी ने राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) में शामिल होकर नया राजनीतिक कदम उठाया है. रालोद अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने दोनों नेताओं का औपचारिक स्वागत किया. बता दें कि केसी त्यागी लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहे हैं, और उनके अनुभव से पार्टी को मजबूती मिलने की उम्मीद है, वहीं, अम्बरीष के शामिल होने से युवाओं के बीच रालोद की पकड़ और मजबूत हो सकती है.
केसी त्यागी के रालोद में शामिल होने की अटकलें पिछले कुछ दिनों से चल रही थीं. 16 मार्च को उन्होंने स्पष्ट किया था कि उन्होंने जेडीयू की सदस्यता का नवीकरण नहीं कराया है, जिसके बाद उनके पार्टी छोड़ने की खबरें तेज हो गई थीं.
केसी त्यागी का बयान बना मुद्दा
दरअसल, 9 जनवरी को केसी त्यागी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग की थी, जिस पर जेडीयू की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया आई थी और उनके पार्टी में रहने को लेकर असमंजस जताया गया था.
केसी त्यागी जेडीयू के गठन से ही पार्टी के महत्वपूर्ण नेताओं में से एक रहे हैं. साल 2003 में समता पार्टी और जनता दल के विलय के समय वे जॉर्ज फर्नांडिस, शरद यादव और नीतीश कुमार के साथ पार्टी के मजबूत स्तंभ माने जाते थे. लंबे समय तक पार्टी के प्रधान महासचिव रहे केसी त्यागी ने शीर्ष नेतृत्व के साथ करीबी तालमेल बनाए रखा. अब उनके रालोद में शामिल होने को राजनीतिक रूप से बड़ा बदलाव माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें- गौरक्षक ‘‘फरसा वाले बाबा’’ की हत्या, गौ तस्करों ने दिया अंजाम, डिटेल में पढ़ें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









