राष्ट्रीय

जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की टिप्पणी से गरमाई सियासत, कांग्रेस ने CEC ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगा

Justice Ujjal Bhuyan : सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की हालिया टिप्पणी के बाद कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा है. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि जस्टिस भुइयां की टिप्पणी ने निर्वाचन आयोग और उसके प्रमुख ज्ञानेश कुमार को बेनकाब कर दिया है, उन्होंने दावा किया कि अब ज्ञानेश कुमार के पास अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है.

जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर कहा कि जस्टिस उज्ज्वल भुइयां ने मतदान के अधिकार को संविधान की मूल संरचना का हिस्सा बताते हुए टिप्पणी की है. कांग्रेस नेता ने दावा किया कि इस टिप्पणी से यह निष्कर्ष निकलता है कि संवैधानिक पद पर बैठे ज्ञानेश कुमार ने संविधान का उल्लंघन किया है.

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

उन्होंने कहा कि जस्टिस भुइयां ने और भी बहुत कुछ कहा है और उनके मुताबिक इससे मुख्य चुनाव आयुक्त पूरी तरह बेनकाब हो गए हैं. जयराम रमेश ने कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार में जरा भी शर्म है तो उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए.

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार की ‘जी-2 के अवैध आदेशों को लागू करने की क्षमता’ अब उन्हें देश के लिए एक बोझ बना चुकी है. जयराम रमेश ‘जी2’ शब्द का इस्तेमाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के लिए करते हैं.

जस्टिस भुइयां ने क्या कहा था?

आपको बता दें कि जस्टिस उज्ज्वल भुइयां ने रविवार को हैदराबाद स्थित नालसार विश्वविद्यालय में ‘19वीं न्यायमूर्ति बी.आर. साहनी मेमोरियल कोर्ट प्रतियोगिता’ के समापन समारोह में टिप्पणी की थी.

उन्होंने कहा था कि ऐसी कोई भी प्रक्रिया, जिसके परिणामस्वरूप लाखों भारतीय नागरिकों को मताधिकार से वंचित किया जाता है, ‘स्वाभाविक रूप से मनमानी’ होगी. उनके मुताबिक, यह संविधान के तहत स्थापित संवैधानिक व्यवस्था का निषेध होगा.

जस्टिस भुइयां ने कहा था कि संविधान नागरिकों के दो वर्ग नहीं बनाता- ‘मताधिकार वाले और मताधिकार से वंचित’, उन्होंने यह भी कहा था कि बड़े पैमाने पर लोगों को मताधिकार से वंचित करना संविधान के अनुच्छेद 326 और 14 का उल्लंघन है.

जस्टिस भुइयां की इसी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने अब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना हमला और तेज कर दिया है.

ये भी पढ़ें – UP में भारी बारिश के बाद CM योगी का बड़ा एक्शन, बिजली और सड़कों को लेकर दिए सख्त निर्देश

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button