Trump Strait of Hormuz Statement : ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरागची ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ पर दिए गए बयान पर तंज कसा है, उन्होंने कहा कि सुरक्षा देने की कीमत मिलनी चाहिए, लेकिन ट्रंप का 20 फीसदी शुल्क का प्रस्ताव बहुत ज्यादा है.
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरागची ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ को लेकर दिए गए हालिया बयान पर तंज कसा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि अगर किसी देश को इस समुद्री मार्ग से सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के बदले भुगतान मिलना चाहिए, तो यह बात सही है, क्योंकि सुरक्षा देने वाले को उसका खर्च मिलना चाहिए. लेकिन उन्होंने ट्रंप के 20 फीसदी शुल्क के प्रस्ताव का मजाक उड़ाते हुए कहा कि ’20 फीसदी तो बहुत ज्यादा है, ईरान इससे कहीं ज्यादा न्यायसंगत रहेगा.’
होर्मुज का असली संरक्षक ईरान: अरागची
अरागची ने ट्रंप के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य का असली संरक्षक हमेशा से ईरान रहा है और आगे भी रहेगा. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है.
इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि अमेरिका ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ में ईरान के खिलाफ फिर से नाकेबंदी लागू करेगा, उन्होंने कहा कि यह नाकेबंदी केवल ईरान के जहाजों और उसके दोस्तों पर असर डालेगी, जबकि बाकी सभी देशों के जहाजों के लिए जलडमरूमध्य खुला रहेगा.
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका अब खुद को ‘होर्मुज जलडमरूमध्य का संरक्षक’ मानेगा और इस क्षेत्र में सुरक्षा उपलब्ध कराने की लागत निकालने के लिए यहां से गुजरने वाले सभी माल पर 20 फीसदी शुल्क लिया जाएगा. ट्रंप के मुताबिक इस व्यवस्था को लागू करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाएगी.
ईरान ने दी चेतावनी
दूसरी ओर, ईरान ने अमेरिका को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि वह किसी भी कीमत पर होर्मुज के संचालन में अमेरिकी दखल स्वीकार नहीं करेगा. ईरान के खातम अल-अंबिया सेंट्रल मुख्यालय के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल इब्राहिम जोलफाघारी ने कहा कि ‘ईरान किसी भी परिस्थिति में अमेरिका को होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रबंधन में हस्तक्षेप नहीं करने देगा.’
बता दें कि ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापारिक मार्गों में शामिल है और बड़ी मात्रा में वैश्विक तेल की सप्लाई इसी रास्ते से होती है.
ये भी पढ़ें – लाल किला कार बम धमाका: अदालत ने 11 पीड़ितों के शवों के अंतिम संस्कार की दी अनुमति, NIA से मांगी रिपोर्ट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









