Bihar

हापुड़ में भीषण सड़क हादसा, गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी तेज रफ्तार थार, 4 युवकों की मौत

Ganga Expressway Accident : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात तेज रफ्तार थार के अनियंत्रित होकर पलटने से दर्दनाक हादसा हो गया. बदायूं से दिल्ली की ओर जा रही थार कई बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी. हादसे में कार सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय एक युवक घायल हुआ है. हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

घटना हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात करीब 12 बजे हुई. जानकारी के मुताबिक, बदायूं से दिल्ली जा रही थार अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई. इसके बाद वाहन कई बार पलटा और सड़क किनारे जा गिरा. टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांचों लोग अंदर फंस गए.

हादसे में चार युवकों की मौत

घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवा 112 और सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद सभी पांचों लोगों को गाड़ी से बाहर निकाला. इसके बाद सभी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद चार युवकों को मृत घोषित कर दिया. वहीं 17 वर्षीय विष्णु को मामूली चोटें आई हैं.

हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवक बदायूं जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे. पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं दुर्घटनाग्रस्त थार को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर रास्ता साफ कराया गया. पुलिस मामले की आगे की कानूनी जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button