Fragrant Plants : आजकल लोग अपने घर की बालकनी और छत पर छोटे-छोटे गार्डन बना रहे हैं. हर कोई चाहता है कि घर में हरियाली के साथ-साथ खुशबू भी बनी रहे. ऐसे में कुछ पौधे ऐसे हैं, जो दिन में सामान्य दिखते हैं, लेकिन रात होते ही अपनी महक से पूरे माहौल को सुगंधित कर देते हैं. आइए जानते हैं ऐसे तीन खास पौधे, जिन्हें आप आसानी से गमले में उगा सकते हैं.
रातरानी का नाम तो आपने सुना ही होगा. यह पौधा अपनी तीखी और मीठी खुशबू के लिए बहुत प्रसिद्ध है. जैसे ही शाम होती है, इसकी खुशबू धीरे-धीरे चारों तरफ फैलने लगती है और रात में तो पूरा माहौल महक उठता है.
धूप और खाद के टिप्स
रातरानी लगाने के लिए मध्यम आकार का गमला सबसे सही रहता है. गमले में गार्डन की मिट्टी के साथ थोड़ा गोबर की खाद या कम्पोस्ट मिला दें. ध्यान रखें कि गमले के नीचे पानी निकलने का रास्ता जरूर हो. पौधा लगाने के बाद हल्का पानी दें और इसे हल्की धूप दें. रोजाना पानी देने की जरूरत नहीं है, बस मिट्टी थोड़ी नम बनी रहे. महीने में एक बार जैविक खाद डालने से पौधा जल्दी और अच्छी तरह बढ़ता है.
मोगरा के फूल और खुशबू की खासियत
मोगरा के सफेद फूल जितने खूबसूरत होते हैं, उसकी खुशबू भी उतनी ही प्यारी होती है. खास बात यह है कि इसकी महक शाम और रात के समय सबसे ज्यादा महसूस होती है, इसलिए लोग इसे अपनी बालकनी और छत पर लगाना पसंद करते हैं. मोगरा को हमेशा धूप वाली जगह पर रखें. गमले में मिट्टी के साथ थोड़ा गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट मिलाएं. पौधा लगाने के बाद हल्का पानी दें और 20–25 दिन में एक बार जैविक खाद डालें. अच्छी धूप और सही देखभाल मिलने पर मोगरा खूब फूल देता है और आपकी बालकनी को खुशबू से भर देता है.
चमेली के फूल और खुशबू की खासियत
चमेली एक बहुत ही लोकप्रिय खुशबूदार पौधा है. इसके सफेद और पीले फूल शाम के समय सबसे अधिक महकते है. यह पौधा गमले में आसानी से उग जाता है और ज्यादा जगह भी नहीं लेता.
चमेली उगाने के लिए अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी तैयार करें. गमले में मिट्टी के साथ थोड़ी खाद मिलाकर पौधा लगाएं और इसे ऐसी जगह रखें जहां अच्छी धूप आती हो. समय-समय पर हल्की छंटाई करें, जिससे नई शाखाएं निकलती हैं. हर महीने ऑर्गेनिक खाद डालें, ताकि पौधे ज्यादा फूल दें. अगर आप रोज थोड़ी-सी देखभाल करें, तो यह पौधा लंबे समय तक फूल और खुशबू देता रहेगा.
ये भी पढ़ें- Prayagraj Cold Storage : प्रयागराज में दर्दनाक हादसा, कोल्ड स्टोरेज ढहने से 4 मजदूरों की मौत, 20 घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









