Bihar

बिहार में बाढ़ का कहर, रोहतास में 50 घरों में घुसा पानी, 100 लोगों का रेस्क्यू

Son River Flood : बिहार के रोहतास जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच सोन नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा गंभीर होता जा रहा है. तिलौथू प्रखंड के सरैयां गांव में नदी का पानी रिहायशी हिस्सों तक पहुंच गया है. करीब 50 घर बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं, जबकि 30 से अधिक मकानों में पानी भर चुका है. हालात ऐसे हो गए कि कई परिवारों को रात घरों के भीतर फंसे रहकर गुजारनी पड़ी.

बुधवार, 2 सितंबर को स्थिति ज्यादा बिगड़ने के बाद उप प्रमुख जोखन पासवान और ग्रामीणों ने अस्थायी नाव का इंतजाम किया. इसकी मदद से करीब 100 लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया. इस दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिकता दी गई. कई परिवार अपने पालतू जानवरों को भी साथ लेकर घरों से बाहर निकले.

कई गांवों तक पहुंचा बाढ़ का पानी

ग्रामीणों का कहना है कि तुतला भवानी धाम की तरफ से आने वाले पानी और सोन नदी के तेज बहाव ने आसपास के कई गांवों को प्रभावित किया है. सरैयां के अलावा फारूकगंज, शिवाला, मदारीपुर और तिलौथू पूर्वी में भी पानी पहुंचने की बात सामने आई है. खेतों में खड़ी धान की फसल डूब गई है. पानी घरों में पहुंचने के बाद जहरीले सांप और दूसरे जीव-जंतुओं के अंदर आने का डर भी लोगों को सता रहा है.

पुल टूटने से बढ़ी मुश्किल

सरैयां और तिलौथू के बीच पुल निर्माण के लिए करीब चार महीने पहले पुराने पुल को तोड़े जाने से पहले ही आवाजाही प्रभावित थी. अब बाढ़ के पानी ने मुख्य सड़क के दोनों तरफ रास्ता रोक दिया है. इससे करीब एक हजार लोगों की परेशानी बढ़ गई है. बीमारों, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना भी चुनौती बन गया है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से नाव, राहत सामग्री, पीने का पानी और दूसरी जरूरी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है. उनका आरोप है कि चेतावनी के लिए माइकिंग तो कराई गई, लेकिन मौके पर पर्याप्त मदद नहीं पहुंची. वहीं, बीडीओ अंकित जैन ने कहा कि प्रशासन अपनी ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा.

ये भी पढ़ें- उत्तराखंड में बारिश का कहर, 12 की मौत, 172 सड़कें बंद, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button