Banaras Hindu University : उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के एक हॉस्टल के बाहर फायरिंग हुई है. बीए तृतीय वर्ष के छात्र रोशन मिश्रा ने आरोप लगाया है कि बाइक सवार तीन युवकों ने हॉस्टल के बाहर उन पर फायरिंग की. घटना के बाद कैंपस में हड़कंप मच गया और छात्रों में नाराजगी फैल गई.
रोशन मिश्रा का कहना है कि वह हॉस्टल के बाहर खड़े थे, तभी एक बाइक पर 3 युवक आए और फायरिंग कर दी. उन्होंने बताया कि घटना के बाद मौके से गोली के खोखे भी मिले, जिन्हें छात्रों ने पुलिस को सौंप दिया. छात्र का आरोप है कि यह हमला जानबूझकर किया गया.
पुलिस ने फायरिंग की सूचना पर तुरंत किया एक्शन
इस मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. वहीं, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात करीब साढ़े 9 बजे एसीपी बेलीपुर को फायरिंग की सूचना मिली थी. फायरिंग की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज, कई थानों की फोर्स के साथ पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और छात्रों से तहरीर ली. तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
अवैध रह रहे बाहरी छात्रों पर भी जांच
पुलिस अधिकारी के अनुसार , कुछ छात्रों की पहचान भी की गई है. आरोप है कि कुछ बाहरी छात्र अवैध रूप से हॉस्टल में रह रहे थे. हालांकि, यह जांच का विषय है और पूरी छानबीन के बाद ही स्थिति साफ होगी.
फायरिंग की घटना से नाराज छात्रों ने हॉस्टल परिसर में धरना शुरू कर दिया. रोशन मिश्रा समेत कई छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग की है. छात्रों का कहना है कि कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं फिर न हों. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें – अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश, यौन शोषण से जुड़ा है मामला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









