UP News : उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो यानी यूपीआईटीएस-2026 प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर लेकर आया है. ट्रेड शो के दौरान दुग्धशाला विकास विभाग को डेयरी क्षेत्र की 22 कंपनियों से कुल 695.18 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. इन निवेश प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से प्रदेश के 2500 से अधिक युवाओं को रोजगार और नौकरी के अवसर मिलने की उम्मीद है.
डेयरी क्षेत्र में सबसे बड़ा निवेश ऐस इंटरनेशनल लिमिटेड की ओर से किया जाएगा. कंपनी के आदित्य गोयल ने उत्तर प्रदेश को निवेश के लिए उपयुक्त गंतव्य बताते हुए कहा कि कंपनी हाथरस, अलीगढ़ और आगरा में 457 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. इस निवेश के जरिए करीब 1500 से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने की योजना है. कंपनी ने प्रस्तावित निवेश को लेकर विभाग के साथ समन्वय भी किया है.
चार जिलों में 100 करोड़ रुपये लगाएगी केयरब्रो इनोवेटर्स
केयरब्रो इनोवेटर्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से दुग्धशाला विकास विभाग को 100 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया गया है. कंपनी के निवेशक अमित सिंह के मुताबिक, यह निवेश अयोध्या, लखनऊ, मेरठ और बरेली में किया जाएगा. इससे 250 से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य है.
कई जिलों में पहुंचेंगे निवेश के अवसर
विभाग को मिले प्रमुख निवेश प्रस्तावों में अंजुम डेयरी का 50 करोड़ रुपये, ग्विन व्हे प्रोटीन एलएलपी का 27 करोड़ रुपये और गौरी फूड एंड बेवरेजेज का 14.65 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव शामिल है. अंजुम डेयरी मुरादाबाद, अमरोहा और रामपुर में निवेश करेगी. ग्विन व्हे प्रोटीन एटा, फिरोजाबाद और इटावा में, जबकि गौरी फूड एंड बेवरेजेज झांसी में निवेश का प्रस्ताव लेकर आई है.
डेयरी कंपनियों के स्टॉल पर उमड़ी भीड़
यूपीआईटीएस-2026 में पराग-अमूल, नमस्ते इंडिया, पारस डेयरी, ज्ञान डेयरी, न्यू एरा डेयरी, अल्फा मिल्क फूड्स और सीपी मिल्क समेत सहकारी और निजी क्षेत्र की कई डेयरी कंपनियों ने हिस्सा लिया. दुग्धशाला विकास विभाग के मुताबिक, ये निवेश प्रस्ताव उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास व दुग्ध उत्पाद प्रोत्साहन नीति-2022 के तहत प्राप्त हुए हैं.
दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के. ने कहा कि यूपीआईटीएस-2026 में विभाग को 695.18 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से प्रदेश के कई जिलों में निवेश के साथ 2500 से अधिक युवाओं को रोजगार और नौकरी के अवसर मिलेंगे. विभाग अन्य निवेशकों को भी उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित कर युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम कर रहा है.
ये भी पढ़ें- कुशीनगर में बाढ़ राहत को युद्धस्तर पर किया गया सक्रिय, NDRF-SDRF समेत टीमें तैनात, योगी सरकार का राहत अभियान तेज
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









