
बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने देशव्यापी प्रदर्शन किया और मोदी सरकार पर कई तरह के आरोप लगाए। कांग्रेस के इस प्रदर्शन पर BJP नेताओं का कहना है की ED की कार्रवाई से बौखलाई कांगेस ने प्रदर्शन के जरिए जनता को भटकाने का काम किया है, तो वहीं गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने कांग्रेस नेताओं के काले कपड़ों को अयोध्या में बन रहे राम मंदिर से जोड़ दिया है। अब अमित शाह के इस बयान पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि हमारी लड़ाई सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ है। साथ ही कांग्रेस नेता ने RSS का नाम लेकर भी अमित शाह पर निशाना साधा।
दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा कि, “महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के सत्याग्रह से बौखलाए भाजपा नेता काले रंग को कोस रहे हैं, जबकि काला रंग न्याय के देवता यानि न्यायाधीश शनि देव का रंग है और हमारी पूरी लड़ाई मोदी सरकार द्वारा अन्याय पूर्ण तरीके से लादी गई जन विरोधी नीतियों के खिलाफ है
वहीं, अपने दूसरे ट्वीट में दिग्विजय सिंह ने कहा कि, “अमित शाह जी आपने शायद अपना राजनीतिक जीवन RSS से शुरू नहीं किया होगा नहीं तो आपको काले रंग से इतना एतराज नहीं होता। RSS का स्वयं सेवक कौन से रंग की टोपी पहनता है? काले रंग की। कुछ समझ में आया? मोदी सरकार की नीतियां रामराज्य की कल्पना से बिल्कुल विपरीत है, सरकार की अदूरदर्शिता से जनता का हाल बेहाल हैं इसीलिए भगवान राम भी जनता के हक की लड़ाई लड़ने वाली कांग्रेस के साथ हैं। प्रभु श्रीराम कृपा सिंधु हैं उनकी कृपा से कांग्रेस जनता को राहत दिलाकर रहेगी।”
बता दें अमित शाह (Amit Shah) ने कहा था, “आज ही के दिन नरेंद्र मोदी जी ने श्रीरामजन्मभूमि मंदिर का शिलान्यास किया था, इसलिए कांग्रेस तुष्टिकरण के लिए ये विरोध कर रही है। ED और महंगाई तो सिर्फ बहाने हैं…कांग्रेस का असली दर्द श्री राम मंदिर का बनना है। आज तो कांग्रेस ने एक कदम और आगे बढ़ काले कपड़े पहनकर विरोध किया है।”