राष्ट्रीय

‘परिसीमन बिल स्वीकार नहीं…’, राहुल गांधी ने सरकार के प्रस्ताव पर जताई कड़ी आपत्ति

Rahul Gandhi : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से साफ कहा है कि विपक्ष को परिसीमन (Delimitation) बिल मौजूदा स्वरूप में स्वीकार नहीं है, उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सरकार अलग-अलग राजनीतिक दलों से बातचीत करने के बजाय इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक क्यों नहीं बुला रही है.

सूत्रों के मुताबिक, संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में राहुल गांधी के कक्ष में उनसे मुलाकात की. इस दौरान सरकार की ओर से कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सामने परिसीमन बिल पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने का प्रस्ताव रखा गया.

राहुल गांधी ने दो मांगें दोहराईं

मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने विपक्ष की दो प्रमुख मांगों को दोहराया, उन्होंने कहा कि गृह मंत्री का बयान और राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मुद्दे पर चर्चा कराए बिना संसद की कार्यवाही सामान्य रूप से नहीं चल सकती. कांग्रेस ने यह भी कहा कि परिसीमन बिल पर अपना अंतिम रुख विपक्षी दलों से चर्चा के बाद सरकार को बताया जाएगा.

सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार परिसीमन बिल पर चर्चा के लिए 16 अगस्त से तीन दिन का विशेष सत्र बुलाने की तैयारी कर रही है. बताया जा रहा है कि मौजूदा मॉनसून सत्र 13 अगस्त को समाप्त होने के बाद भी सत्रावसान नहीं किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत विशेष सत्र बुलाया जा सके. हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

दो-तिहाई बहुमत जुटाने पर फोकस

सूत्रों का कहना है कि सरकार संशोधन विधेयकों को पारित कराने के लिए दोनों सदनों में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रही है. पर्याप्त समर्थन मिलने के बाद ही विशेष सत्र बुलाने पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है.

ये भी पढ़ें- अमृतसर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10 किलो हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button