Delhi NCRराजनीतिराज्यराष्ट्रीय

दिल्ली-लद्दाख समेत 7 अन्य राज्यों के बदले राज्यपाल, डिटेल में पढ़ें

New Delhi : राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद 7 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपाल-उपराज्यपालों की नियुक्ति में बड़ा फेरबदल किया गया है। इसमें दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, तेलंगाना, हिमाचल, नागालैंड, तमिलनाडु और लद्दाख जैसे राज्य-केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं। वहीं कई राज्यों में नई नियुक्ति भी की गई है। किस राज्य में किसकी हुई नियुक्ति, पढ़ाई-लिखाई समेत जानें सबकुछ।

तरनजीत सिंह संधू बने दिल्ली के नए उप-राज्यपाल

दिल्ली के चर्चित उप-राज्यपाल वी.के. सक्सेना की जगह पूर्व IFS अधिकारी तरनजीत सिंह संधू को नियुक्त किया गया है। इनकी शुरुआती पढ़ाई हिमाचल प्रदेश के लॉरेंस स्कूल सनावर से हुई है। ग्रेजुएशन की पढ़ाई दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से इतिहास विषय से हुई। इसके बाद जेएनयू से अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में मास्टर की डिग्री पूरी की। विदेश सेवा के दौरान वे श्रीलंका-अमेरिका में राजदूत के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। और अब दिल्ली के नए उप-राज्यपाल के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।

लद्दाख में विनय कुमार सक्सेना की नियुक्ति

वीके सक्सेना को दिल्ली से हटाकर लद्दाख की जिम्मेदारी दी गई है। दिल्ली कार्यकाल के दौरान ये काफी चर्चा में बने रहे। पढ़ाई की बात करें तो इन्होंने कानपुर विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की है। उप-राज्यपाल के अलावा खादी ग्रामोद्योग आयोग के चेयरमैन भी रह चुके हैं।

रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल को मिली बिहार की जिम्मेदारी

बिहार राज्य में रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया है। लेफ्टनेंट सैयद ने शेरवुड कॉलेज से शुरुआती पढ़ाई के बाद डीयू से हिस्ट्री ऑनर्स में ग्रेजुएशन किया। ये विदेश के कई सुरक्षा संस्थानों में प्रशिक्षण भी ले चुके हैं। तथा परम विशिष्ट सेवा पदक, उत्तम युद्ध सेवा पदक और अति विशिष्ट सेवा से सम्मानित भी हो चुके हैं।

पश्चिम बंगाल में आर. एन. रवि. की नियुक्ति

नागालैंड, मेघालय, तमिलनाडु जैसे राज्यों में अपनी सेवाएं दे चुके आर. एन. रवि. को अब पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 1974 में भौतिक विज्ञान से मास्टर करने के बाद IPS ज्वाइन किया। इस दौरान लंबे समय तक खुफिया विभाग और केंद्रीय जांच एजेंसी में भी काम किया।

महाराष्ट्र में जिष्णु देव वर्मा को मिली जिम्मेदारी

ये त्रिपुरा के शाही परिवार से तालुक रखते हैं। त्रिपुरा में डिप्टी सीएम रह चुके रहे हैं। जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र में नया राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया है। इससे पहले ये तेलंगाना में भी राज्यपाल के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

कविंदर गुप्ता बने हिमाचल के नए राज्यपाल

लद्दाख में उपराज्यपाल और जम्मू-कश्मीर में डिप्टी सीएम तथा विधानसभा अध्यक्ष रहे कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश में नियुक्त किया गया है। इनकी पढ़ाई की बात करें तो गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है। पढ़ाई के बाद राजनीति के साथ-साथ अपने व्यवसाय से भी लगातार जुड़े रहे।

शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना की जिम्मेदारी

शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे हिमाचल में राज्यपाल और केंद्र सरकार में बतौर वित्त राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय, गोरखपुर से इन्होंने अपनी पढ़ाई कंप्लीट की है।

केरल के राज्यपाल को मिला तमिलनाडु का अतिरिक्त प्रभार

केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। ये गोवा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। गोवा के वास्को-डी-गामा स्थित सेंट जोसेफ इंस्टीट्यूट से मैट्रिक तथा एमईएस कॉलेज से कॉमर्स की पढ़ाई की है। शुरु से ही आरएसएस से जुड़े रहे तथा आगे चलकर भाजपा के नियमित सदस्य बन गए।

नंद किशोर यादव बने नागालैंड के राज्यपाल

सात बार के बिहार भाजपा विधायक रहे नंद किशोर यादव को नागालैंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। ये लंबे समय से आरएसएस और बिहार भाजपा से जुड़े रहे। वे तीन दशक से भी अधिक समय से बिहार की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। इस दौरान सड़क और पथ निर्माण जैसे महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

ये भी पढ़ें- Cylinders Price Hike : रसोई गैस सिलेंडर हुआ महंगा, कामर्शियल सिलेंडर भी 100 से पार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button