
Moradabad Crime News : होली के त्योहार के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुरुग्राम में रहने वाले 25 वर्षीय हार्दिक ने अपनी जुड़वां बहन हिमशिखा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। दोनों भाई-बहन तीन मार्च को होली मनाने मुरादाबाद अपने घर आए थे और शुक्रवार को वापस जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया, जो बाद में हिंसक रूप ले लिया और अपने ही सगे भाई ने बहन की हत्या कर दी। वहीं अब इस मामले में एक नया खुलासा हुआ है।
प्रेमिका से ब्रेकअप होने से डिप्रेशन में आ गया था आरोपी
दरअसल, आरोपी की मां ने बताया कि उनका आरोपी बेटा हार्दिक प्रेमिका से ब्रेकअप होने के बाद से डिप्रेशन में आ गया था और अपनी बहन से चिढ़ने लगा था। बात-बात पर विवाद करता था। उसे लगता था कि उन लोगों की वजह से ही उसका रिश्ता टूटा है। वह बार-बार कहता था कि शादी तो उससे ही करेगा। हम लोग समझाते थे कि कर लेना लेकिन वह बहुत गुस्सैल हो गया था।
वर्षों से गायब है आरोपी का पिता
इतना ही नहीं, इस मामले में नीलिमा ने अपने पति के बारे में भी चौंकाने वाली बात कही। दरअसल, जब पुलिस ने नीलिमा के पति के बारे में पूछात तो पता चला कि वर्षों से वह गायब है। अब कहां है इस बारे में परिवार का भी कोई सदस्य नहीं जानता है। नीलिमा ने तो यहां तक कहा कि वह अपने पति का नाम भी नहीं लेना चाहती। बताया जा रहा है कि नीलिमा की शादी इंद्रजीत के साथ हुई थी। इनके जुड़वा बच्चे हुए थे। कुछ दिन बाद ही पति परिवार को छोड़कर चला गया था। नीलिमा ने ही अपने लड़के और लड़की को पाला था।
गूगल में काम करता था आरोपी
बता दें कि हिमशिखा एक आईटी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं और एमबीए कर रही थीं। वहीं, हार्दिक बीटेक करने के बाद गूगल में काम करता था, लेकिन करीब एक साल पहले नौकरी छोड़कर यूट्यूब से जुड़ गया था। जानकारी के अनुसार, हार्दिक एक अन्य समुदाय की युवती से शादी करना चाहता था, जिसका परिवार विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर पारिवारिक तनाव चल रहा था।
मां को ऑफिस से बुलाकर किया हमला
आरोप है कि हार्दिक ने पहले बहन पर चाकू से हमला किया, फिर शव को कंबल में लपेटकर मां को ऑफिस से घर बुलाया और उन पर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो आरोपी कार से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश में कई जगहों पर चेकिंग की गई, लेकिन वह अभी फरार है। घायल मां का इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें – मान सरकार की नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी से पंजाब में निवेश और रोजगार का नया दौर शुरू, लाखों युवाओं को मिलेगा रोजगार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









