UP News : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सियासी समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस साथ चुनाव लड़ने की बात कर रही हैं, लेकिन सीट शेयरिंग को लेकर दोनों दलों के बीच खींचतान जारी है. इसी बीच कांग्रेस ने छोटे दलों और गैर-यादव ओबीसी नेताओं को अपने साथ जोड़ने की कोशिश तेज कर दी है.
पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) के संजय चौहान और अपना दल (कामेरवादी) के पंकज निरंजन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की है. इन मुलाकातों के बाद सवाल उठ रहा है कि कांग्रेस सपा के साथ सीट बंटवारे में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है या गठबंधन न होने की स्थिति के लिए विकल्प तैयार कर रही है.
सीट शेयरिंग पर खींचतान
वहीं, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद लगातार सीट शेयरिंग का मुद्दा उठा रहे हैं. कांग्रेस प्रदेश में बड़ी हिस्सेदारी का दावा करने की तैयारी में है. वहीं अखिलेश यादव कांग्रेस को सीमित और जीतने योग्य सीटें देने के पक्ष में हैं.
कांग्रेस छोटे दलों और जातिगत जनाधार वाले नेताओं को जोड़कर यह संदेश देना चाहती है कि प्रदेश में उसका आधार केवल कागजी नहीं है. स्वामी प्रसाद मौर्य, संजय चौहान और पंकज निरंजन गैर-यादव ओबीसी समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं.
क्या है कांग्रेस का Plan-B?
कांग्रेस करीब 150 सीटों को चिह्नित कर तैयारी कर रही है और 110 से 120 सीटों पर चुनाव लड़ने का लक्ष्य रख रही है. पार्टी छोटे दलों को साथ जोड़कर सीट शेयरिंग में अपनी बार्गेनिंग पावर बढ़ाना चाहती है.
अगर सपा कांग्रेस की बड़ी हिस्सेदारी की मांग स्वीकार नहीं करती है, तो कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ने का विकल्प भी खुला रख सकती है. ऐसी स्थिति में गैर-यादव ओबीसी वोटों के साथ मजबूत सहयोगियों की जरूरत होगी.
खोई जमीन वापस पाने की कोशिश
कांग्रेस की रणनीति का एक अहम हिस्सा उत्तर प्रदेश में अपनी पुरानी राजनीतिक जमीन वापस हासिल करना है. पार्टी दलित, मुस्लिम और सवर्ण समीकरण के साथ गैर-यादव ओबीसी वर्ग में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है.
ऐसे में छोटे दलों और नेताओं को साथ लाने की रणनीति से कांग्रेस एक साथ दो लक्ष्य साधना चाहती है. सपा के साथ सीट शेयरिंग में मजबूत स्थिति बनाना और गठबंधन नहीं होने पर अपने दम पर चुनाव लड़ने का विकल्प तैयार रखना.
ये भी पढ़ें – UP में भारी बारिश के बाद CM योगी का बड़ा एक्शन, बिजली और सड़कों को लेकर दिए सख्त निर्देश
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









